कोटा में आयोजित समीक्षा बैठक में लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने कहा कि किसानों की उपज के संपूर्ण गेहूं की सरकारी खरीद की जाएगी। बेमौसम बारिश से बदरंग या सिकुड़ा हुआ गेहूं भी सरकारी कांटे पर तुलेगा। सोमवार से पूरे केंद्र चालू होंगे। आवंटन भी डबल किया जाएगा। बैठक में ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने बूंदी में 25 में से 11 सैंपल रिजेक्ट हुए गेहूं के सैंपल को अपने साथ लेकर आए। जिसे लेकर नागर ने अधिकारियों से जवाब मांगा। लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने शनिवार सुबह 9.30 बजे कोटा सर्किट हाउस में न्यूनतम समर्थन मूल्य पर फसल खरीद व्यवस्थाओं और किसानों से जुड़े अन्य मुद्दों को लेकर अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की है। लोकसभा स्पीकर ओम बिरला डॉ. अंबेडकर नगर सुपरफास्ट एक्सप्रेस के जरिए आज(शनिवार) सुबह 5.20 बजे दिल्ली से कोटा पहुंचे हैं। बैठक में ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर, शासन सचिव सहकारिता डॉ. समित शर्मा, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति सचिव अंबरीश कुमार, राजफेड के प्रबंध निदेशक सौरभ स्वामी, कलेक्टर पीयूष सामरिया सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। खराब माल सरकारी कांटे पर तुलेगा मीडिया से बातचीत में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि समर्थन मूल्य पर फसल की खरीद को लेकर जो भी परेशानी आ रही है, उसे दूर करने के लिए अधिकारियों को कहा है। किसानों का गेहूं समर्थन मूल्य पर खरीदा जाएगा। आवश्यकता हुई तो आवंटन (कोटा) भी बढ़ाया जाएगा। जिन किसानों का माल ओलावृष्टि व बरसात से खराब हुआ है, उनका माल भी सरकारी कांटे पर तुलेगा। सोमवार से सभी केंद्र चालू हो जाएंगे। केंद्र पर आवंटन को डबल कर दिया है। कोई भी किसान परेशान नहीं होगा। आज खुद अधिकारी मौके पर जाकर व्यवस्थाएं देखेंगे, जो भी परेशानियां होगी उनका समाधान करेंगे। किसानों की शिकायतों के लिए कंट्रोल रूम स्थापित होगी। बरसात से गेहूं की क्वालिटी को रिलेक्ट दिया जाए- नागर ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने कहा कि किसानों की खरीद केन्द्र को लेकर जो समस्या आ रही थी। बरसात से गेहूं की क्वालिटी में रिलेक्स दिया जाए, केंद्र पर माल रिजेक्ट ना हो, बारदाने की समस्या नहीं हो बैठक में इन सब मुद्दों पर बात हुई है। लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने दिल्ली में FCI के सेक्रेटरी से बात की है। जो भी कमियां है उसे दूर किया जाएगा। बाजार में 2200 तो सरकार ले रही 2700 रुपए क्विंटल में गेहूं ऊर्जा मंत्री ने कहा कि हाड़ौती में उत्पादन ज्यादा हुआ है। बाजार में गेहूं 2200 रुपए बिक रहा है, हमारी सरकार ने 150 रुपए बोनस दिया है, हम 2700 रुपए क्विंटल ले रहे हैं। हमारी भजन लाल सरकार किसानों को हर संभव सुविधा देगी, ताकि खरीद पर कोई समस्या नहीं हो। प्रदेश का 21 लाख मैट्रिक टन का कोटा है, उसे डबल कर दिया है। जरूरत पड़ने पर और बढ़ाया जाएगा, किसानों को समस्या नहीं आने देंगे। मंडी का निरीक्षण किया, किसानों की समस्या सुनी बैठक के बाद ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने भामाशाह मंडी का निरीक्षण किया। उन्होंने मंडी में अधिकारियों के साथ मीटिंग ली। मंडी में घूम कर किसानों की समस्याओं को सुना। किसानों ने खरीद केन्द्र पर क्वालिटी को लेकर आ रही दिक्कतों के बारे में बताया। जिस पर मंत्री ने अधिकारियों को समाधान के निर्देश दिए।