गो गो सेवा समिति के गो चिकित्सालय, सुखवास में गौ माता को लेकर विशेष बैठक आयोजित हुई। शंभू माली ने बताया कि गौ संरक्षण, सेवा, सम्मान के उद्देश्य से चलाए जा रहे "गौ सम्मान आह्वान अभियान" के तहत व्यापक जनजागरण अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के पोस्टर के माध्यम से देशभर के गौ-प्रेमियों से 27 जुलाई एवं 27 अक्टूबर 2026 को आयोजित होने वाले विशेष कार्यक्रमों में सहभागी बनने का आह्वान किया गया है। अभियान के अनुसार 27 जुलाई को प्रातः निर्धारित समय पर संकल्प के बाद सभी जिलों के कलेक्टरों के माध्यम से ज्ञापन सौंपे जाएंगे। वहीं 27 अक्टूबर को राज्य स्तर पर राज्य सचिवों के माध्यम से राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन भेजने का आह्वान किया गया है। अभियान का उद्देश्य गौ माता के संरक्षण, सम्मान तथा उन्हें राष्ट्र माता का दर्जा दिलाने की मांग को व्यापक जनसमर्थन प्रदान करना बताया गया है। पोस्टर में अभियान का मूल संदेश "सेवा, सुरक्षा और सम्मान" दिया गया है। साथ ही देशभर के गौ-प्रेमियों, विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों तथा गौशाला संचालकों से अधिक से अधिक संख्या में जुड़कर अभियान को सफल बनाने की अपील की गई है। अभियान की कार्यकारिणी में वेद लक्षणा गोमाता (आध्यात्मिक गौ सुरक्षा) को प्रधान संरक्षक तथा नंदी बाबा (नीलकण्ठी वृषभदेव) को अध्यक्ष के रूप में उल्लेखित किया गया है। अभियान के आयोजकों का कहना है कि गौ संरक्षण तथा भारतीय संस्कृति के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के लिए यह अभियान देशव्यापी स्तर पर संचालित किया जा रहा है। जिला प्रभारी नरेंद्र मोहन गर्ग, जगदीश अग्रवाल, सत्यदेव सवाई माधोपुर से आए। इस दौरान तहसील प्रचारक शंभू सैनी, विवेक गुप्ता, जगदीश मिश्रा, ओम प्रकाश, बृजवासी सैनी, केदार सैनी, गोविंद प्रजापत, मुकेश भड़ाना, विकास सैनी, धनराज सैनी, महेंद्र सैनी, मुकेश सैनी, दिनेश गुर्जर, गोविंद राजेश आदि मौजूद रहे।