पूर्व भारतीय कप्तान रोहित शर्मा इंग्लैंड के खिलाफ 14 जुलाई से शुरू होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज से पहले ही लंदन पहुंच गए हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्होंने दो स्थानीय क्लबों में अभ्यास कर इंग्लैंड की पिचों और मौसम के हिसाब से खुद को तैयार करना शुरू कर दिया है। रोहित ने सबसे पहले बर्कशायर के स्लो क्रिकेट क्लब में नेट्स पर बल्लेबाजी की। इसके बाद उन्होंने स्विनकोम्बे क्रिकेट क्लब में भी अभ्यास किया। टेस्ट और टी20 से संन्यास लेने के बाद वह अब सिर्फ वनडे क्रिकेट खेल रहे हैं। ऐसे में टीम से जुड़ने से पहले परिस्थितियों के अनुरूप खुद को ढालने पर उनका पूरा फोकस है। इंग्लैंड में रोहित का वनडे रिकॉर्ड शानदार रहा है। उन्होंने वहां 27 मैचों में 64.9 की औसत से 1428 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 7 शतक निकले हैं, जो इंग्लैंड में किसी भी विदेशी बल्लेबाज द्वारा लगाए गए सबसे ज्यादा वनडे शतक हैं। अफगानिस्तान सीरीज से पहले रोहित हैमस्ट्रिंग चोट से जूझ रहे थे, लेकिन वापसी के बाद चेन्नई वनडे में 79 रन की पारी खेलकर उन्होंने फिटनेस और फॉर्म दोनों के संकेत दिए। अब वह पूरी तरह फिट हैं। स्पोर्ट्स से जुड़ी ये खबरें भी पढ़िए… KCL से बाहर संजू सैमसन, 2026 सीजन नहीं खेलेंगे भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन केरल क्रिकेट लीग (KCL) 2026 में नहीं खेलेंगे। कोच्चि ब्लू टाइगर्स ने उन्हें रिटेन नहीं किया। फ्रेंचाइजी और केरल क्रिकेट एसोसिएशन के मुताबिक, संजू ने पहले ही निजी कारणों और पहले से तय कार्यक्रमों के चलते अपनी अनुपलब्धता की जानकारी दे दी थी। पिछले सीजन में संजू रिकॉर्ड 26.80 लाख रुपए में टीम से जुड़े थे। उन्होंने सिर्फ तीन मैच खेले, लेकिन 221 रन बनाए थे। वर्ल्ड कप के बाद टीम इंडिया से भी बाहर संजू ने टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में 'प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट' का पुरस्कार जीता था। हालांकि, इंग्लैंड दौरे पर लगातार तीन मैचों में सिंगल डिजिट स्कोर के बाद उन्हें प्लेइंग-11 से बाहर कर दिया गया। इसके बाद जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए भी उनका चयन नहीं हुआ। वर्ल्डकप फाइनल में परफॉर्म करेंगे जस्टिन बीबर और शकीरा फुटबॉल वर्ल्ड कप के फाइनल मैच में जस्टिन बीबर, BTS, मैडोना और शकीरा जैसे स्टार्स परफॉर्म करेंगे। फीफा प्रेसिडेंट जियानी इन्फैन्टिनो ने हाफटाइम शो में परफॉर्म करने वाले कलाकारों की जानकारी दी। इसके अनुसार फीफा वर्ल्ड कप के इतिहास में पहली बार करीब 11 मिनट का हाफटाइम शो आयोजित किया जा रहा है। फुटबॉल वर्ल्ड कप का फाइनल मैच 19 जुलाई को न्यूयॉर्क-न्यू जर्सी के मेटलाइफ स्टेडियम में होगा। अर्णव पापरकर विंबलडन जूनियर्स के क्वार्टर फाइनल में, पेस का कारनामा दोहराया भारत के अर्णव पापरकर ने विंबलडन जूनियर्स 2026 में लड़कों के सिंगल्स क्वार्टर फाइनल में पहुंचकर इतिहास रच दिया है। वे पिछले 36 साल में सिंगल्स क्वार्टर फाइनल में पहुंचने वाले भारत के पहले खिलाड़ी हैं। अर्णव से पहले लिएंडर पेस ने 1990 में टॉप-8 में जगह बनाई थी। उन्होंने उस साल जूनियर विंबलडन का खिताब भी जीता था। 18 साल पापरकर ने प्री-क्वार्टर फाइनल में जापान के रयो ताबाता को मात्र 52 मिनट में 6-2, 6-1 से हराया। पापरकर ने पहले दौर में ग्रेट ब्रिटेन के जोशुआ क्रेज़ को 6-2, 6-2 से हराया। अगले दौर में तीसरी वरीयता प्राप्त अमरीका के कीटन हैंस को 6-2, 6-3 से हराकर बड़ा उलटफेर किया। पापरकर का अगला मुकाबला आज शाम 5 बजे क्वार्टर फाइनल में अमरीका के जॉर्डन ली से होगा। महिला क्रिकेटर ब्यूमोंट ने संन्यास लिया, इंग्लैंड के लिए 13 वनडे शतक लगाए इंग्लैंड की स्टार बैटर टैमी ब्यूमोंट ने इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया है। 35 वर्षीय ब्यूमोंट शुक्रवार से भारत के खिलाफ लॉर्ड्स में होने वाले ऐतिहासिक टेस्ट मैच के बाद विदाई लेंगी। 2009 में डेब्यू करने वाली ब्यूमोंट ने अपने 17 साल लंबे करियर में 11 टेस्ट, 140 वनडे और 109 टी20 मैच खेले हैं। उनके नाम वनडे में इंग्लैंड के लिए सर्वाधिक 12 शतक दर्ज हैं। हालांकि, वे आगे भी घरेलू क्रिकेट खेलती रहेंगी। ओलिंपिक कमेटी ने रूस से निलंबन हटाया, राष्ट्रगान और झंडे पर फैसला नहीं इंटरनेशनल ओलिंपिक कमेटी (आईओसी) ने रूस की ओलिंपिक समिति पर लगा निलंबन अस्थायी रूप से हटा दिया। इससे रूस के खिलाड़ियों की 2028 लॉस एंजिलिस ओलिंपिक के क्वालिफायर और कई अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में वापसी का रास्ता खुल गया है। हालांकि, अभी यह तय नहीं हुआ है कि रूस अपने झंडे, राष्ट्रीय गान और आधिकारिक पहचान के साथ ओलिंपिक में हिस्सा ले सकेगा या नहीं। IOC ने अक्टूबर 2023 में यूक्रेन के कब्जे वाले लुहान्स्क, दोनेत्स्क, खेरसोन और जापोरिज्जिया के क्षेत्रीय ओलिंपिक परिषदों को मान्यता देने पर रूस ओलिंपिक समिति को निलंबित किया था। आईओसी अध्यक्ष किर्स्टी कोवेंट्री ने कहा कि खिलाड़ियों को उनकी सरकार के फैसलों की सजा नहीं मिलनी चाहिए। वहीं, यूक्रेन ने इस फैसले को चिंताजनक बताया, जबकि कई खिलाड़ी संगठनों ने इसकी आलोचना की। 5 वर्ल्डकप खेलने वाले राफेल मार्केज मैक्सिको के नए हेड कोच बने मैक्सिको फुटबॉल महासंघ (FMF) ने बार्सिलोना के स्टार डिफेंडर रहे राफेल मार्केज को अपनी नेशनल टीम का हेड कोच बनाया है। 47 साल के मार्केज 2030 फुटबॉल वर्ल्ड कप तक टीम की जिम्मेदारी संभालेंगे। वे जेवियर अगिरे की जगह लेंगे। मार्केज अब तक अगिरे के साथ असिस्टेंट कोच के रूप में काम कर रहे थे।
FMF ने कहा कि मार्केज की नियुक्ति पहले से तय उत्तराधिकार योजना का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य टीम में निरंतरता बनाए रखना, खिलाड़ियों का विकास करना और भविष्य की चुनौतियों के लिए मजबूत तैयारी करना है।
पूर्व कोच जेवियर अगिरे ने कहा, "राफा ने कोच के रूप में लगातार विकास किया है। मैं उन्हें खिलाड़ी और साथी दोनों के रूप में जानता हूं। वह इस जिम्मेदारी के लिए पूरी तरह योग्य हैं।"