श्रीगंगानगर में तेज गर्मी पड़ रही है। बुधवार को अधिकतम तापमान 43.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन का अब तक का सबसे अधिक तापमान है। इसी के साथ श्रीगंगानगर राजस्थान का सबसे गर्म शहर बन गया। तापमान के लिहाज से यह शहर दुनिया में 5वें और देश में तीसरे सबसे गर्म शहर के रूप में दर्ज किया गया। तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण पूरे जिले में भीषण गर्मी का असर देखने को मिला। रात में भी नहीं मिली राहत गर्मी का असर रात में भी जारी रहा। न्यूनतम तापमान 24 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.7 डिग्री अधिक है। मौसम विभाग के अनुसार यह इस सीजन की अब तक की सबसे गर्म रात रही। मौसम राडार स्टेशन श्रीगंगानगर पर गुरुवार सुबह न्यूनतम तापमान 26.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे पहले मंगलवार को न्यूनतम तापमान 23.5 डिग्री और अधिकतम 41.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया था। वहीं, बुधवार को तापमान 43.7 डिग्री तक पहुंच गया। तीन दिन और सताएगी लू मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक भीषण गर्मी और लू का अलर्ट जारी किया है। दिन के समय तेज धूप और गर्म हवाओं से लोगों को परेशानी झेलनी पड़ सकती है। 26 अप्रैल के आसपास पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। इस दौरान आंधी और हल्की बारिश की संभावना बन रही है, जिससे तापमान में कुछ गिरावट आ सकती है।