वेस्टर्न डिस्टरबेंस के प्रभाव से पश्चिमी राजस्थान का मौसम पूरी तरह बदल गया है। अगले 24 घंटों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने के साथ ही अलग-अलग इलाकों में बूंदाबांदी व हल्की बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने इसको लेकर अलर्ट जारी कर दिया है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार- श्रीगंगानगर-हनुमानगढ़ समेत आस-पास के क्षेत्रों में बुधवार को आंधी के साथ हल्की बारिश हो सकती है। हालांकि, इसके बाद एक सप्ताह तक हीटवेव का दौर जारी रहेगा। मौसम राडार स्टेशन, श्रीगंगानगर पर बुधवार सुबह न्यूनतम तापमान 27.5 डिग्री दर्ज किया गया। मंगलवार को यहां न्यूनतम तापमान 26.6 डिग्री जबकि अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री पहुंच गया। सोमवार को न्यूनतम 26.9 डिग्री और अधिकतम 42.3 डिग्री रिकार्ड किया गया था। पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव थोड़े समय के लिए रहेगा, लेकिन उसके बाद गर्मी फिर से बढ़ने के आसार हैं।