श्रीगंगानगर शहर में कानून-व्यवस्था और पुलिस अधिकारियों के कामकाज को लेकर मिली शिकायतों के बाद सीओ सिटी विष्णु खत्री को एपीओ कर दिया गया है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की ओर से दिन में हुई कानून-व्यवस्था समीक्षा बैठक के बाद देर रात यह आदेश जारी किए गए। खत्री के अलावा प्रदेश के 6 अन्य अधिकारियों को भी एपीओ किया गया है, जबकि दो पुलिस निरीक्षकों पर भी कार्रवाई की गई है। जानकारी के अनुसार, सीओ सिटी विष्णु खत्री के खिलाफ बदमाशों से कथित मिलीभगत और आमजन के प्रति व्यवहार को लेकर शिकायतें मिली थीं। इसके बाद मामला चर्चा में आया। मुख्यमंत्री की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि अपराध के मामलों में लापरवाही या गलत भूमिका सामने आने पर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। गलतफहमी में न रहें, हर मामले की रिपोर्ट है मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने समीक्षा बैठक में अधिकारियों को संदेश दिया कि अपराध के मामलों में ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय होगी। उन्होंने कहा कि फाइलें दिखाकर यह न समझें कि गलतियां छिप जाएंगी, सरकार के पास सभी मामलों की रिपोर्ट है। महिला सुरक्षा पर भी फोकस मुख्यमंत्री ने महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कालिका पेट्रोलिंग यूनिट्स को प्रभावी ढंग से संचालित करने और स्कूल-कॉलेजों में उनकी सक्रिय भागीदारी बढ़ाने के निर्देश दिए। बैठक में कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों में सतर्कता और जिम्मेदारी से काम करने पर जोर दिया गया।