श्रीगंगानगर| प्रदेश में श्रीगंगानगर लगातार दूसरे दिन सबसे अधिक गर्म रहा। अधिकतम तापमान गत दिवस से 0.8 डिग्री सेल्सियस बढ़कर 44.5 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। मौसम वैज्ञानिकों ने आगामी दो-तीन दिन ऐसा ही मौसम बना रहने व तपिश के साथ लू चलने की संभावना व्यक्त की है। मौसम विभाग की ओर से क्षेत्र में लू चलने का अलर्ट भी जारी किया गया है।श्रीगंगानगर में गुरुवार को अधिकतम तापमान 44.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो इस सीजन में सबसे अधिक है। सामान्य से 5.3 डिग्री सेल्सियस अधिक है। वहीं प्रदेश में दो दिन से श्रीगंगानगर सबसे अधिक गर्म रह रहा है। दिनभर बदन झुलसाने वाली तपिश के साथ ही दोपहर में लू का प्रकोप बना रहा। जयपुर के मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि प्रशांत महासागर में इन दिनों तापमान बढ़ रहा है। इसके कारण अलनीनो की स्थिति बन रही है। इस कारण इस बार मानसून सीजन में बारिश कम व तापमान अधिक रहने के साथ ही भीषण गर्मी का प्रभाव बना रहने की आशंका बनी हुई है। मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को अधिकतम तापमान 44.5 व न्यूनतम तापमान 26.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह के समय हवा में नमी 36 व शाम को 19 प्रतिशत दर्ज की गई। इन दिनों रात का तापमान भी लगातार बढ़ रहा है। रात का तापमान बीती रात 26.5 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। इस कारण रात में भी दिन जैसी गर्मी पड़नी शुरू हो गई है। रातें गर्म होने के कारण अब रात में भी गर्मी से राहत पाने के लिए आमजन को एसी व कूलरों का सहारा लेना पड़ रहा है। बाजार में एसी व कूलरों की खरीददारी भी बढ़ गई है।