श्रीगंगानगर जिले के श्रीकरणपुर में चोरों ने एक रिटायर्ड अधिकारी के मकान को निशाना बनाया। चोर मकान से लाखों रुपए के सोने के जेवरात और कैश चोरी कर ले गए। घटना श्रीकरणपुर थाना क्षेत्र के वार्ड-19 की है। पुलिस को दी रिपोर्ट में टेलीफोन एक्सचेंज के रिटायर्ड अधिकारी सीताराम अग्रवाल ने बताया- रात को चोरों ने उनके मकान में धावा बोल दिया। चोरी शाम करीब 6:30 बजे से रात 9:30 बजे के बीच हुई। शाम को उनकी पत्नी खाना बनाने के लिए नीचे गई थीं। रात करीब 9:30 बजे जब दंपती सोने के लिए ऊपर पहुंचे तो घर में सामान बिखरा हुआ मिला। पूछताछ की तो पता चला उन्हें लगा कि दीपावली की सफाई के कारण सामान इधर-उधर हुआ होगा। हालांकि, जब सामान बिखेरने की बात को लेकर पूछताछ की तो चोरी की आशंका हुई। इसके बाद जांच करने पर सोने के जेवरात और कैश गायब मिला। चोर घर से सोने की एक चेन, दो अंगूठियां और बालियों के दो सेट ले गए। इन गहनों का वजन करीब 35 ग्राम था। इसके अलावा एक बैग में रखे 25 हजार रुपए भी चोरी हो गए। घटना के बाद पुलिस को सूचना दी गई। जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई।