राजस्थान में आज से एक नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव होगा। जिसके असर से श्रीगंगानगर जिले में आंधी-बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने 14 और 15 अक्टूबर को जिलेभर में आंधी बारिश और ओलावृष्टि का येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज रफ्तार से हवाएं चलेंगी। रविवार को हुई बारिश के बाद से मौसम में लगातार बदलाव हो रहा है। मौसम राडार स्टेशन पर बुधवार सुबह न्यूनतम तापमान 22.3 डिग्री रिकार्ड किया गया। मंगलवार को न्यूनतम तापमान 20.7 डिग्री और अधिकतम तापमान 33.8 डिग्री रिकार्ड किया गया। वहीं, सोमवार को यहां न्यूनतम तापमान 19 डिग्री और अधिकतम तापमान 30.6 डिग्री रिकार्ड किया गया था। बारिश के मौसम ने किसानों के चिंता बढ़ा दी है। इस समय खेतों में फसल कटाई का समय चल रहा है। किसानों को बारिश के कारण फसल खराब होने की चिंता है। मौसम विभाग ने किसानों और कृषि उपज मंडियों के लिए भी अलर्ट जारी किया कि किसान अपनी फसल बचाव की व्यवस्था पहले से कर लें।