हरियाणा से चोरी हुई रोडवेज बस राजस्थान के कई शहरों से गुजरते हुए उज्जैन(मध्य प्रदेश) जा रही थी। नशे की हालत में ड्राइवर नाकाबंदी तोड़ते हुए आगे बढ़ रहा था। आखिर में चित्तौड़गढ़ पुलिस को हाईवे पर ट्रकों को आड़ा खड़ा कर रास्ता रोकना पड़ा। बस वहां पहुंची तो ड्राइवर ने पुलिस से पूछा कि जाम क्यों लगा है। इसी दौरान पुलिस ने उसे नीचे उतारकर पकड़ लिया और बस को जब्त कर लिया। पूरी कार्रवाई किसी फिल्मी सीन जैसी नजर आई। घटना चित्तौड़गढ़ में शनिवार की सुबह हुई। कंट्रोल रूम की सूचना के बाद शुरू हुई घेराबंदी चंदेरिया थानाधिकारी मोतीराम सारण ने बताया कि शनिवार दोपहर 12 बजे कंट्रोल रूम से सूचना मिली थी कि हरियाणा से चोरी हुई रोडवेज बस भीलवाड़ा की तरफ से चित्तौड़गढ़ की ओर आ रही है। बस ड्राइवर नशे में है और रास्ते में जहां-जहां पुलिस ने नाकेबंदी की, वहां रुकने की बजाय बस लेकर निकल गया। गंगरार थाना क्षेत्र में भी नाकेबंदी की गई, लेकिन ड्राइवर वहां भी बस नहीं रोक सका और बैरिकेड्स तोड़ते हुए आगे बढ़ गया। इसके बाद चंदेरिया पुलिस ने रोलाहेड़ा चौराहे पर पहले से तैयारी कर ली। हाईवे पर तीन-चार ट्रकों को आड़ा खड़ा कर रास्ता बंद किया गया, जिससे कुछ देर के लिए जाम लग गया। बस वहां पहुंची तो ड्राइवर ने खुद पुलिसकर्मियों से पूछा कि आगे जाम क्यों लगा है। इसी मौके का फायदा उठाकर पुलिस ने उसे पकड़ लिया। जयपुर से मिली चाबी, रास्ते में बैठाईं सवारियां पुलिस पूछताछ में पकड़े गए ड्राइवर की पहचान हरियाणा निवासी अजय कुमार(47) पुत्र सतपाल के रूप में हुई। उसने बताया कि वह उज्जैन में गाड़ी चलाने का काम करता है और किसी काम से जयपुर गया था। वहां बस स्टैंड पर उसकी मुलाकात नवीन नाम के एक व्यक्ति से हुई। नवीन ने उसे बस की चाबी और 500 रुपए देकर कहा कि बस को उज्जैन पहुंचाना है। अजय ने बिना ज्यादा पूछताछ किए बस लेकर सफर शुरू कर दिया। रास्ते में उसने 10 से 12 सवारियां भी बैठाईं। अजमेर के बांदनवाड़ा इलाके में बस में करीब एक हजार रुपए का डीजल भी भरवाया। पुलिस के अनुसार ड्राइवर नशे की हालत में था, इसलिए वह लगातार नाकेबंदी तोड़ते हुए आगे बढ़ता रहा। नवीन की तलाश में जुटी पुलिस थानाधिकारी मोतीराम सारण ने बताया कि पूछताछ में अजय कुमार ने कहा है कि वह नवीन को पहले से नहीं जानता था और बस स्टैंड पर पहली बार उसकी मुलाकात हुई थी। पुलिस ने चोरी की बस जब्त कर ड्राइवर को हिरासत में ले लिया है। फिलहाल पता लगाया जा रहा है कि बस हरियाणा से कैसे चोरी हुई, इसमें और कौन-कौन लोग शामिल हैं और नवीन नाम का व्यक्ति कौन है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।