एलपीजी की कमी के बीच कलेक्टर संदेश नायक ने शुक्रवार को ‘एक घर-एक गैस कनेक्शन’ की नीति को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा जिन घरों में पाइप नेचुरल गैस (पीएनजी) का कनेक्शन है, उन्हें अगले तीन माह में एलपीजी सिलेंडर कनेक्शन सरेंडर करना होगा। एलपीजी गैस की समीक्षा बैठक में कहा कि पीएनजी, एलपीजी के मुकाबले अधिक सुरक्षित, सस्ती और सुलभ है। कलेक्टर ने गैस कंपनियों को आदेश दिए कि कनेक्शन देने की प्रक्रिया में किसी भी तरह की कागजी जटिलता न हो। ​सोसायटियों, मल्टी स्टोरी बिल्डिंग और अपार्टमेंट्स की रेजिडेंशियल वेलफेयर सोसाइटी को सामूहिक रूप से पीएनजी अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। गैस कंपनियां घर-घर जाकर पीएनजी की सुरक्षा और फायदे बताएं। बैठक में एडीएम-दक्षिण युगांतर शर्मा, एसडीएम सिटी राजेश जाखड़, एसडीएम-सांगानेर विकास प्रजापत सहित विभिन्न गैस कंपनियों के प्रतिनिधि और संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे। पाइप लाइन का कार्य तेजी से हो ​कलेक्टर ने कहा कि एलपीजी पर निर्भरता कम कर शहर को स्वच्छ ऊर्जा की ओर ले जाना है। पीएनजी न केवल किफायती है, बल्कि शहरी जीवन की जरूरत भी है। जिन क्षेत्रों में अभी पाइप लाइन डालने का कार्य किया जा रहा है उसे तेजी से पूरा किया जाए।