शहर के राजकीय महाविद्यालय में एनसीसी की सीटें कम किए जाने के विरोध में छात्रों ने महाविद्यालय के प्राचार्य को ज्ञापन सौंपा। छात्र प्रतिनिधि पीयूष शर्मा, मोहित तंवर, हरिओम ने कहा कि कई छात्र सिर्फ एनसीसी में प्रवेश के उद्देश्य से दूर-दराज के क्षेत्रों से आकर इसी कॉलेज में एडमिशन लेते हैं। ऐसे में सीटें कम होने से विद्यार्थियों के भविष्य पर असर पड़ सकता है। अवसर भी घट सकते हैं। छात्रों ने कहा कि जब पहले ही लड़कों का चयन हो चुका है। उसके बाद सीटों की संख्या कम करना चयनित विद्यार्थियों के लिए परेशानी बन सकता है। एनसीसी से विद्यार्थियों में अनुशासन आता है। नेतृत्व क्षमता बढ़ती है। देशसेवा की भावना मजबूत होती है। व्यक्तित्व विकास होता है। छात्रों ने मांग की कि एनसीसी की सीटें कम नहीं की जाएं। पूर्व निर्धारित सीटें यथावत रखी जाएं।