श्री शिवचरण माथुर राजकीय महाविद्यालय में शुक्रवार को “नई किरण” नशा मुक्ति अभियान के तहत कार्यशाला आयोजित की गई। यह कार्यक्रम आयुक्तालय कॉलेज शिक्षा, राजस्थान सरकार के निर्देश पर हुआ। अध्यक्षता कार्यवाहक प्राचार्य डॉ. मैना शर्मा ने की। नशा मुक्ति केंद्र प्रभारी डॉ. सुशांत मुखर्जी ने बताया कि महाविद्यालय में नशा मुक्ति केंद्र स्थापित किया गया है और विद्यार्थियों को जागरूक करने के लिए गतिविधियां कराई जा रही हैं। कार्यशाला में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लाडपुरा के चिकित्सा अधिकारी डॉ. राहुल चौधरी ने नशे के स्वास्थ्य, पारिवारिक और सामाजिक प्रभावों पर जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने और दूसरों को भी रोकने की अपील की। चौधरी के अनुसार भारत में तंबाकू सेवन से हर साल लगभग 10 लाख लोगों की मौत होती है। राजस्थान में यह संख्या करीब 50 हजार बताई गई। उन्होंने धूम्रपान और तंबाकू से मूत्राशय, रक्त, ग्रासनली, आमाशय और फेफड़ों सहित कई अंगों में कैंसर के खतरे की बात कही। कार्यक्रम के अंत में डॉ. मैना शर्मा और एनएसएस प्रभारी कमलेश कुमार गुर्जर ने स्वयंसेवकों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई।