छत्रपति शिवाजी महाराज वास्तु संग्रहालय की ओर से चलाए जा रहा ‘म्यूजियम ऑन व्हील्स’ सोमवार को दिल्ली पब्लिक स्कूल, जोधपुर में पहुंचा। इसमें चौथी से आठवीं के बच्चों को विश्व की प्रमुख प्राचीन सभ्यताओं- हड़प्पा, मेसोपोटामिया, मिस्र और चीन के इतिहास, संस्कृति, जीवनशैली एवं उपलब्धियों से परिचित कराया जा रहा है। प्रिंसिपल अभिलाषा शॉ ने बताया, इस पहल के तहत सुरक्षित डिस्प्ले केस, डिजिटल टच-स्क्रीन और ऑडियो-विजुअल उपकरणों वाला मोबाइल म्यूजि​यम स्कूल कैंपस में पहुंचा और प्राचीन सभ्यताओं के इतिहास को रोचक व सजीव तरीके से दिखाया। स्टूडेंट्स को चारों प्राचीन सभ्यताओं की विशेषताओं और मानव सभ्यता के विकास में उनके योगदान के बारे में बताया गया। ऐतिहासिक वस्तुओं एवं प्रदर्शित सामग्री से उन्हें विभिन्न सभ्यताओं की विशिष्टताओं को समझने का अवसर मिला। स्कूल के डायरेक्टर बीएस यादव ने इस पहल की सराहना की।