प्रतापगढ़ जिले के सुहागपुरा थाना पुलिस ने एक युवक पर फायरिंग के मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इस मामले में तीन टोपीदार बंदूकें और दो बाइक भी बरामद की हैं। शिकार करते समय युवक को लगी गोली घटना 30 मार्च को दोपहर करीब 12 बजे हुई थी। पीड़ित के अनुसार- उसका 16 वर्षीय भतीजा अंकुश उर्फ पप्पू, जो पनावला निवासी है, अपने खेत में मक्का की फसल की रखवाली कर रहा था। उस समय शांतिलाल और रुद्राक्ष भी खेत पर मौजूद थे। इसी दौरान, बिलड़ी निवासी गेंदराज उर्फ बाबू, लच्छीराम, गणेश मीणा और 4-5 अन्य अज्ञात व्यक्ति हथियारों के साथ खेत में घुस आए। ये लोग सूअर और नीलगाय का शिकार कर रहे थे। आरोपियों ने तीन गोलियां चलाईं, जिनमें से दो सूअर को लगीं और एक गोली अंकुश के सिर में जा लगी। गोली लगने से अंकुश गंभीर रूप से घायल होकर नीचे गिर गया और उसके सिर से खून बहने लगा। उसे तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। इन चार आरोपियों को गिरफ्तार किया पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें गणेश (48), लक्ष्मण उर्फ लच्छीराम (34), गेंदराज (45) और मांगीलाल (47) शामिल हैं। ये सभी बिलड़ी, सुहागपुरा, प्रतापगढ़ के निवासी हैं। पुलिस ने मामले में आरोपी गेंदराज और मांगीलाल की निशानदेही पर दो टोपीदार बंदूकें और एक बाइक बरामद की गई। अब तक की जांच में कुल तीन टोपीदार बंदूकें (एक नाल) और दो बाइक बरामद की जा चुकी हैं।