झालावाड़ जिले के सुनेल कस्बे में गुरुवार को चार दिवसीय महर्षि गौतम ऋषि मूर्ति स्थापना महोत्सव का वैदिक मंत्रोच्चार और पूर्ण विधि-विधान के साथ भव्य समापन हुआ। गौतम हनुमान वाटिका स्थित नवनिर्मित मंदिर में महर्षि गौतम ऋषि की मूर्ति की प्राण-प्रतिष्ठा की गई। इससे पहले निकली भव्य रथ यात्रा और मंगल कलश यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। महोत्सव में पूर्व आरपीएससी चेयरमैन श्याम सुंदर शर्मा सहित कई राजनीतिक, सामाजिक और धार्मिक हस्तियों की उपस्थिति रही। भव्य रथ यात्रा से भक्तिमय हुआ माहौल महर्षि गौतम समिति, सुनेल के तत्वावधान में आयोजित महोत्सव के अंतिम दिन सुबह 9 बजे गौतम भवन से भव्य रथ यात्रा और मंगल कलश यात्रा निकाली गई। पारंपरिक वेशभूषा में सजी मातृशक्ति सिर पर कलश धारण कर मंगल गीत गाते हुए चल रही थीं, जबकि श्रद्धालु भजनों की सुमधुर धुन पर झूमते-नाचते नजर आए। यात्रा कस्बे के प्रमुख मार्गों से होती हुई गौतम हनुमान वाटिका पहुंची, जहां श्रद्धालुओं ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुई प्राण-प्रतिष्ठा दोपहर 12 बजे विद्वान पंडितों के सानिध्य में वैदिक मंत्रोच्चार और पूर्ण विधि-विधान के साथ नवनिर्मित मंदिर में न्याय शास्त्र प्रणेता महर्षि गौतम ऋषि की मूर्ति की प्राण-प्रतिष्ठा की गई। इस अवसर पर यज्ञ की पूर्णाहुति भी संपन्न हुई। पूरे परिसर में धार्मिक उल्लास और श्रद्धा का वातावरण बना रहा। अतिथियों ने सामाजिक एकता और आदर्शों पर दिया संदेश कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व आरपीएससी चेयरमैन श्याम सुंदर शर्मा रहे। विशिष्ट अतिथियों में नगरपालिका चेयरमैन खानपुर के प्रतिनिधि महावीर गौतम, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष वर्षा शर्मा, कांग्रेस महासचिव अमित चतुर्वेदी, युवा जिलाध्यक्ष वैभव जोशी, जिलाध्यक्ष मोहन लाल शर्मा, राष्ट्रीय महासचिव सौरभ शर्मा, जिला महामंत्री दिनेश शर्मा तथा युवा जिला महामंत्री कोमल शर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। अतिथियों ने महर्षि गौतम ऋषि के आदर्शों को जीवन में अपनाने और सामाजिक एकता को मजबूत करने का आह्वान किया। जिलेभर से पहुंचे समाज बंधु और ट्रस्ट प्रतिनिधि महोत्सव में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में समाज बंधु और प्रबुद्धजन शामिल हुए। ब्रह्म घाट ट्रस्ट के अध्यक्ष राजेंद्र जोशी, अकलेरा से महेश शर्मा व पंकज शर्मा, झालरापाटन से चंदन तिवारी, संरक्षक बीरधि चंद शर्मा, बालगोविंद शर्मा, कृष्णमोहन शर्मा, त्रिभुवनेश गौतम तथा खानपुर से अनिल शर्मा सहित अनेक प्रतिनिधियों ने कार्यक्रम में भाग लेकर सुनेल समाज के प्रयासों की सराहना की। महाप्रसादी में हजारों श्रद्धालुओं ने लिया धर्म लाभ शाम 4 बजे विशाल महाप्रसादी (भंडारे) का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण कर धर्म लाभ लिया। पूरे आयोजन के दौरान गौतम ब्राह्मण समाज के वरिष्ठजनों और युवाओं की टीम व्यवस्थाओं में सक्रिय रही। कार्यकर्ताओं के सहयोग के लिए जताया आभार व्यवस्थाओं को सफल बनाने में राजेंद्र जोशी, रघु जोशी, मुरली मनोहर, रमेश शर्मा, नन्द, अखिलेश, किशोर शर्मा, रामनारायण, महेश व्यास, ललित शर्मा, कैलाश तिवारी, पुरुषोत्तम तिवारी, मनीष व्यास, पुर्नेश गौतम, अंकित जोशी, सुनील दुबे, सोनू दुबे, जयंत जोशी, पवन व्यास, सतीश दुबे, शुभम जोशी, राहुल जोशी, माधव तिवारी, राम व्यास, मोहित जोशी, दीपक दुबे, योगेंद्र पुरोहित, अंशु व्यास सहित बड़ी संख्या में समाज बंधुओं और कार्यकर्ताओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम के समापन पर श्री महर्षि गौतम समिति, सुनेल के अध्यक्ष हेमंत जोशी ने सभी अतिथियों, समाज बंधुओं, कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों का ऐतिहासिक आयोजन को सफल बनाने में सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।