उदयपुर के सूरजपोल थाना इलाके में शुक्रवार रात एक तेज रफ्तार ऑटो ने सड़क किनारे खड़े एक ठेले को टक्कर मार दी। ऑटो की रफ्तार इतनी तेज थी कि सबसे पहले ठेले को टक्कर मारी फिर पास ही स्थित एक आरा मशीन का भारी गेट तोड़ते हुए सीधे परिसर के अंदर जा घुसा। इस एक्सीडेंट से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया, मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। हादसा रात करीब 10 बजे हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर इतनी भीषण थी कि बहुत तेज धमाके की आवाज आई। आवाज सुनते ही आस-पास के दुकानदार और राहगीर तुरंत मौके की तरफ दौड़े। इस हादसे में ऑटो ड्राइवर और ठेला लगाने वाला शख्स गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों लहूलुहान हालत में वहां तड़प रहे थे। स्थानीय लोगों ने तुरंत सूरजपोल थाना पुलिस को हादसे की जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तुरंत एम्बुलेंस से महाराणा भूपाल (एमबी) हॉस्पिटल पहुंचाया। डॉक्टरों ने दोनों को इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कर इलाज शुरू किया। हादसे की वजह से सड़क पर काफी लंबा जाम लग गया। कुछ देर के लिए गाड़ियों की आवाजाही पूरी तरह रुक गई। सूरजपोल थानाधिकारी रतनसिंह चौहान ने बताया कि पुलिस ने क्रेन बुलाकर दुर्घटनाग्रस्त ऑटो को सड़क से हटवाकर अपने कब्जे में लेकर थाने भिजवाया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका। पुलिस इस मामले में जाच कर रही है। शुरुआती जांच में हादसे की मुख्य वजह ऑटो की तेज रफ्तार और ड्राइवर का गाड़ी पर से कंट्रोल खोना सामने आ रही है। पुलिस अब हादसे के असली कारणों का पता लगाने के लिए घटनास्थल के आस-पास की दुकानों और मकानों पर के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। स्थानीय निवासियों और व्यापारियों में इस हादसे को लेकर काफी गुस्सा है। लोगों का कहना है कि गुलाबबाग रोड पर आए दिन गाड़ियां बहुत तेज स्पीड में दौड़ती हैं, जिससे पैदल चलने वालों और दुकानदारों के लिए हर वक्त बड़ा खतरा बना रहता है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस पूरे रूट पर ट्रैफिक कंट्रोल करने के लिए सख्त कदम उठाए जाएं और सुरक्षा के इंतजाम किए जाएं ताकि आगे ऐसे हादसों को रोका जा सके।