सूरतगढ़ कस्बे में हनुमानगढ़ बाईपास रोड स्थित करणी माता मंदिर के पास मंगलवार को ई-बाइक शोरूम में भीषण आग लगने से लाखों रुपए का नुकसान हो गया। इस आगजनी में 26 स्कूटी जलकर खाक हो गई। इनमें 17 नई, 9 पुरानी स्कूटी शामिल है। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में शोरूम में खड़ी ई-स्कूटियां, बैटरियां, स्पेयर पार्ट्स और अन्य सामान उसकी चपेट में आ गया। सूचना मिलने पर नगर पालिका की दमकल टीम मौके पर पहुंची और करीब 1 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। पड़ोसी दुकानदार ने दी सूचना जानकारी के अनुसार सुबह करीब 9 बजे पड़ोसी दुकानदार अनिल मुंजाल अपनी ट्रांसपोर्ट कंपनी खोलने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने वर्मा इलेक्ट्रिक मोटर्स के शटर के नीचे से धुआं निकलता देखा। उन्होंने तत्काल दुकान मालिक महेंद्र कुमार वर्मा को सूचना दी। सूचना मिलते ही महेंद्र कुमार अपने बेटों प्रवीण कुमार और राजकुमार के साथ मौके पर पहुंचे। जैसे ही शटर खोला गया अंदर खड़ी ई-बाइक्स और अन्य सामान धू-धू कर जल रहा था। इसके बाद तुरंत नगरपालिका दमकल को सूचना दी गई। 1 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद पाया काबू सूचना पर पहुंची दमकल टीम के फायरमैन राजेंद्र चौहान, सुरेंद्र कड़वासरा और राजेंद्र गिल ने आग बुझाने का मोर्चा संभाला। करीब एक घंटे के प्रयास के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक शोरूम का अधिकांश सामान जलकर खाक हो चुका था। शोरूम मालिकों ने घटना की सूचना पुलिस और प्रशासन को दे दी है। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटे हैं। 17 नई, 9 पुरानी स्कूटी जलकर हुई खाक शोरूम संचालक प्रवीण कुमार वर्मा ने बताया कि आग से बिक्री के लिए रखी 17 नई ई-स्कूटी पूरी तरह नष्ट हो गईं। वहीं, रिपेयर और सर्विसिंग के लिए आई 9 पुरानी स्कूटी भी जल गईं। अलावा 6 वॉल फैन, एक लैपटॉप, वाई-फाई राउटर, दुकान में रखा स्पेयर पार्ट्स का पूरा स्टॉक, रिपेयरिंग मशीनरी, बैटरियां, फॉल सीलिंग, काउंटर और फर्नीचर भी आग की भेंट चढ़ गया।