सवाई माधोपुर में शुक्रवार शाम स्वदेशी जागरण मंच की ओर से स्वदेशी संवाद कार्यक्रम हुआ। रणथंभौर रोड स्थित एक पांच सितारा होटल में हुए इस कार्यक्रम में स्वदेशी उत्पादों के उपयोग और भारतीय विकल्पों पर चर्चा की गई। कार्यक्रम में स्वदेशी जागरण मंच के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री कश्मीरी लाल समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान लोगों को स्वदेशी अपनाने के लिए जागरूक किया गया और ज्यादा से ज्यादा स्वदेशी उत्पाद इस्तेमाल करने का संकल्प दिलाया गया। शनिवार और रविवार को होगी कार्यकारी परिषद की बैठक स्वदेशी जागरण मंच के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री कश्मीरी लाल ने बताया कि शनिवार और रविवार को अखिल भारतीय कार्यकारी परिषद की बैठक होगी। इसमें संगठन से जुड़े आठ बिंदुओं पर चर्चा की जाएगी। बैठक में ईंधन संकट और युद्ध के चलते बने हालात पर भी मंथन होगा। उन्होंने बताया कि चर्चा के दौरान सोलर ऊर्जा, बायो गैस समेत ईंधन के भारतीय विकल्पों पर फोकस किया जाएगा। चरखे से चंद्रयान और चिप्स से माइक्रो चिप तक चर्चा शुक्रवार शाम हुए स्वदेशी संवाद कार्यक्रम में लोगों को स्वदेशी उत्पादों के उपयोग के लिए जागरूक किया गया। कार्यक्रम में चरखे से लेकर चंद्रयान और चिप्स से लेकर माइक्रो चिप तक अलग-अलग विषयों पर चर्चा हुई। कार्यक्रम के अंत में मौजूद लोगों ने ज्यादा से ज्यादा स्वदेशी उत्पादों का उपयोग करने का संकल्प लिया। कई पदाधिकारी और अतिथि रहे मौजूद कार्यक्रम में स्वदेशी जागरण मंच की अखिल भारतीय महिला प्रमुख अर्चना मीणा, महाराष्ट्र के पूर्व मुख्य सचिव राजेश मीणा, पूर्व सांसद जसकौर मीणा और संतोष शर्मा समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।