सिरोही में सोमवार को भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती नगर के बूथों पर मनाई गई। इस अवसर पर राज्यमंत्री ओटाराम देवासी और सांसद लुम्बाराम चौधरी ने भी कार्यक्रमों में भाग लिया। राज्यमंत्री देवासी ने नगर के बूथ संख्या 306 (रामदेवजी मंदिर) में शिरकत की, जबकि सांसद चौधरी बूथ संख्या 308 (राम मंदिर) में उपस्थित रहे। दोनों नेताओं ने डॉ. मुखर्जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके देश के प्रति योगदान और बलिदान को याद किया। पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने और इस दिन को यादगार बनाने के लिए राज्यमंत्री देवासी ने परिसर में एक पौधा भी लगाया। वक्ताओं ने इस अवसर पर डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के योगदान को याद किया। उन्होंने बताया कि डॉ. मुखर्जी का जन्म 6 जुलाई 1901 को हुआ था। वे एक महान शिक्षाविद्, प्रखर राष्ट्रवादी नेता और भारतीय जनसंघ के संस्थापक थे। उनके विचार और देश की अखंडता के लिए किया गया संघर्ष आज भी प्रेरणा देता है, इसी कारण हर साल 6 जुलाई को उनकी जयंती पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।