बागेश्वर धाम के पंडित धीरेंद्र शास्त्री पहली बार ऑस्ट्रेलिया के ओपेरा हाउस में श्रीराम कथा करेंगे। 13 से 15 अप्रैल तक सिडनी में होने वाले इस आयोजन में करीब 2 हजार प्रवासी भारतीय शामिल होंगे। कथा का मुख्य आयोजन सिडनी के विश्व प्रसिद्ध ओपेरा हाउस में रखा गया है, जहां पहली बार इस स्तर पर धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इस आयोजन की जिम्मेदारी जयपुर मूल के एनआरआई बिजनेसमैन प्रवीण शर्मा संभाल रहे हैं। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया से वर्चुअल रूप से मीडिया से बातचीत करते हुए बताया- इस कार्यक्रम में भारत के साथ-साथ 13 अलग-अलग देशों में बसे प्रवासी भारतीय भी शामिल होने पहुंचेंगे। जयपुर में उनकी बहन और ऑर्गनाइजिंग टीम की सदस्य रितिका शर्मा ने भी मीडिया को आयोजन की जानकारी दी। क्रूज पर होगी कथा, संसद में धर्म संवाद प्रवीण शर्मा ने बताया- कार्यक्रम की शुरुआत 13 अप्रैल को ऑस्ट्रेलियन क्रूज पर विशेष आयोजन के साथ होगी, जहां पंडित धीरेंद्र शास्त्री मीडिया से बातचीत करेंगे और कथा का एक विशेष सेशन भी रखा जाएगा। 14 अप्रैल को ऑस्ट्रेलिया की संसद में एक विशेष संवाद कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें पंडित धीरेंद्र शास्त्री सांसदों के साथ धर्म, विश्व शांति और मानवता जैसे विषयों पर चर्चा करेंगे। इस दौरान वहां के सांसदों के साथ-साथ विभिन्न धर्मों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे। ओपेरा हाउस में होगी कथा, सभी धर्मों के प्रतिनिधि होंगे शामिल प्रवीण शर्मा ने बताया- 15 अप्रैल को सिडनी ओपेरा हाउस में मुख्य कथा का आयोजन होगा। यूनेस्को वर्ल्ड हेरिटेज में शामिल यह स्थल अपने आर्किटेक्चर के लिए दुनियाभर में प्रसिद्ध है। यहां आयोजित कथा में करीब 2 हजार लोग शामिल होंगे, जिनमें बड़ी संख्या में विदेशी नागरिक भी होंगे। कथा के दौरान इंग्लिश ट्रांसलेटर भी मौजूद रहेगा, जिससे विदेशी श्रोता आसानी से कथा को समझ सकेंगे। ऑर्गनाइजिंग टीम की सदस्य रितिका शर्मा ने बताया-इस आयोजन में ऑस्ट्रेलिया के 7 सांसद भी शामिल हो रहे है। साथ ही मंदिर एसोसिएशन के अलावा चर्च, मस्जिद और गुरुद्वारा प्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया गया है, ताकि विभिन्न धर्मों के लोग सनातन परंपरा को समझ सकें। जयपुर से जाएगी गोविंद देवजी की तस्वीर, 21 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल होगा शामिल कथा में शामिल होने वाले लोगों को जयपुर से आराध्य गोविंद देवजी की तस्वीर भेंट की जाएगी। इसके साथ ही राजस्थान से 21 लोगों का एक प्रतिनिधिमंडल भी ऑस्ट्रेलिया जाएगा, जो इस आयोजन में भाग लेगा। 2000 सीटें हो चुकी है बुक आयोजक प्रवीण शर्मा ने बताया कि ओपेरा हाउस की सभी 2000 सीटें पहले ही बुक हो चुकी हैं। लोगों में पंडित धीरेंद्र शास्त्री को सुनने के लिए खासा उत्साह है। उन्होंने बताया कि यह पहली बार है जब इतने बड़े वैश्विक मंच से इस तरह का धार्मिक आयोजन किया जा रहा है, जिसमें विभिन्न देशों और धर्मों के लोग एक साथ शामिल होंगे।