भास्कर न्यूज | बाड़मेर बाड़मेर में डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर कई संगठनों ने विचार गोष्ठियां, प्रतियोगिताएं, स्वास्थ्य शिविर और रैली सहित कार्यक्रम आयोजित किए। डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के उपलक्ष्य में मधुकर जन चेतना न्यास बाड़मेर के तत्वावधान में स्थानीय महावीर टाउन हॉल में विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन महंत शंभूनाथ के सान्निध्य में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम के दौरान शंभूनाथ महाराज ने कहा कि बाबा साहेब के विचार केवल पुस्तकों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि जीवन जीने की दिशा प्रदान करते हैं। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे बाबा साहेब के संघर्षों से प्रेरणा लेकर राष्ट्रहित में कार्य करें और समाज में समरसता स्थापित करने में अपनी भूमिका निभाएं। मुख्य वक्ता उदयपुर के मीरा कन्या महाविद्यालय के प्राध्यापक डॉ. सुनील खटीक ने कहा कि उनका विजन अखंड भारत और समानता पर आधारित था। मुख्य अतिथि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नितेश आर्य ने कहा कि शिक्षा ही वह सशक्त माध्यम है, जिसके द्वारा युवा अपने जीवन को नई दिशा दे सकते हैं। जिला कोषाधिकारी जसराज चौहान ने बाबा साहेब के आर्थिक और संवैधानिक योगदान को विस्तार से बताते हुए उन्हें आधुनिक भारत का महान समाजशास्त्री बताया। विशिष्ट अतिथि प्रधानाचार्य वसुधा कंडारा ने महिला सशक्तिकरण में डॉ. अंबेडकर के योगदान को रेखांकित किया। वहीं सामाजिक कार्यकर्ता वीणा पनपालिया, अरविंद तापड़िया, श्रवण सिंह ने विचार व्यक्त किए। संचालन भगवान बारूपाल ने किया। सह-संयोजक जयरामदास मेघवाल ने आभार व्यक्त किया। इसी क्रम में श्री जटिया रैगर समाज ने चौहटन रोड स्थित हनुमान मंदिर परिसर में महिलाओं और बालिकाओं के लिए दौड़, रंगोली, मेहंदी, नींबू-चम्मच दौड़ और म्यूजिक चेयर जैसी प्रतियोगिताएं कराईं। समाज अध्यक्ष सुरेश जाटोल ने कहा कि ऐसे आयोजन जागरूकता और एकजुटता बढ़ाते हैं। महामंत्री ओमप्रकाश जाटोल ने बताया कि विजेताओं को विचार गोष्ठी में सम्मानित किया जाएगा। जटिया समाज और सेवा भारती समिति के संयुक्त तत्वावधान में हनुमान मंदिर प्रांगण में निशुल्क होम्योपैथिक चिकित्सा शिविर लगाया गया। शिविर में 205 लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई। 85 मरीजों की शुगर जांच भी हुई। जिला मुख्यालय पर 14 अप्रैल को न्यू अंबेडकर सर्किल, बौद्ध पार्क और संविधान चौक में जिला स्तरीय मुख्य समारोह प्रस्तावित है। समिति व्यवस्थापक एडवोकेट नवलकिशोर लीलावत के अनुसार सोमवार शाम 7 बजे केक काटने और आतिशबाजी होगी। 14 को सुबह 8 बजे रैली रवाना होगी।