भास्कर न्यूज | बारां शहर के अस्पताल रोड स्थित संस्था धर्मादा धर्मशाला में राजस्थान ब्राह्मण महासभा के संभागीय अध्यक्ष हरीश शर्मा के पदभार ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम प्रदेशाध्यक्ष रामानुज शर्मा, पूर्व चेयरमैन कैलाश शर्मा, महासभा के जिलाध्यक्ष नरेंद्र शर्मा, परशुराम प्राकट्य महोत्सव आयोजन समिति अध्यक्ष संजीव भारद्वाज, भाजपा जिला उपाध्यक्ष जयेश गालव एवं महासभा प्रदेश प्रवक्ता तरुण भारद्वाज सहित बड़ी संख्या में समाज बंधुओं की उपस्थिति में संपन्न हुआ। समारोह से पूर्व प्रदेशाध्यक्ष रामानुज शर्मा का आतिशबाजी, माल्यार्पण एवं ढोल की गूंज के साथ स्वागत किया। पदभार ग्रहण के बाद उपस्थित जनसमूह ने नवनियुक्त संभागीय अध्यक्ष हरीश शर्मा का माल्यार्पण कर सम्मान किया। प्रदेशाध्यक्ष शर्मा ने कहा कि आचार्य चाणक्य से प्रेरणा लेकर समाज को मजबूत नेतृत्व देना होगा। उन्होंने यूजीसी से जुड़े प्रावधानों का विरोध करते हुए कहा कि समाज को अपने प्रतिनिधियों को नेतृत्व के रूप में आगे लाना होगा। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे आगे आकर समाज का प्रतिनिधित्व करें और आवश्यकता पड़ने पर परशुराम, सुदामा और रावण जैसे विविध चरित्रों की भूमिका निभाने के लिए तैयार रहें। महासभा के जिलाध्यक्ष नरेंद्र शर्मा ने स्वागत भाषण देते हुए सभी अतिथियों एवं समाज बंधुओं का अभिनंदन किया। पूर्व चेयरमैन कैलाश शर्मा ने कहा कि संगठन सभी समाज बंधुओं को एक सूत्र में पिरोने के लिए संकल्पित है। उन्होंने आगामी भगवान परशुराम जन्मोत्सव पर निकलने वाली शोभायात्रा को भव्य बनाने का आह्वान किया तथा समाज को यूजीसी जैसे कानूनों के खिलाफ एकजुट होने की आवश्यकता बताई। साथ ही उन्होंने राजनीतिक दलों से ब्राह्मण समाज को उचित प्रतिनिधित्व देने की मांग रखी। परशुराम प्राकट्य महोत्सव आयोजन समिति अध्यक्ष संजीव भारद्वाज ने 19 अप्रैल को आयोजित होने वाली शोभायात्रा में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर उसे ऐतिहासिक बनाने का आह्वान किया। भाजपा जिला उपाध्यक्ष जयेश गालव ने कहा कि हमें अपने गौरवशाली इतिहास से प्रेरणा लेकर एक-दूसरे को आगे बढ़ाने का कार्य करना चाहिए, न कि एक-दूसरे की टांग खींचनी चाहिए। समारोह के अंत में नवनियुक्त संभागीय अध्यक्ष हरीश शर्मा ने अतिथियों एवं उपस्थित समाज बंधुओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंनें कहा कि समाज की दिशा और दशा बदलने की जिम्मेदारी युवाओं के हाथ में है। युवाओं को पूरी निष्ठा, समर्पण और ऊर्जा के साथ आगे आना होगा।