खैरथल-तिजारा के टपूकड़ा थाना क्षेत्र के पंवार कॉलोनी में एक ट्रक ड्राइवर द्वारा आत्महत्या का प्रयास करने का मामला सामने आया है। किराए के मकान में रहने वाले 22 वर्षीय नीरज मेघवाल ने पत्नी द्वारा शराब पीने का विरोध करने पर फांसी लगाकर जान देने की कोशिश की। पत्नी राजबाला ने बताया कि उनकी शादी करीब 11 महीने पहले किशनगढ़ बाघोर निवासी नीरज मेघवाल से हुई थी। नीरज अक्सर शराब के नशे में घर आता था और उसके साथ मारपीट करता था। बुधवार रात भी वह शराब के नशे में घर पहुंचा, जिसको लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। इस दौरान नीरज ने उसके साथ मारपीट की। राजबाला के अनुसार वह बाथरूम गई थी। जब वह वापस लौटी तो देखा कि नीरज फांसी के फंदे पर लटका हुआ है। यह देख वह घबरा गई और तुरंत चाकू से रस्सी काटकर उसे नीचे उतारा, जिससे उसकी जान बच गई। घटना के बाद परिजन नीरज को तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे सामान्य चिकित्सालय अलवर रेफर कर दिया गया। उसके गले पर फांसी के निशान पाए गए हैं। बताया जा रहा है कि राजबाला तीन महीने की गर्भवती है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।