बांसवाड़ा| विद्यार्थियों को कानून के प्रति जागरूक करने के लिए राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय उपला घंटाला में विधिक साक्षरता एवं जागरुकता कार्यक्रम हुआ। मुख्य अतिथि अतिरिक्त जिला एवं सेशन न्यायाधीश इंदिरा बनेरा ने बच्चों को मौलिक अधिकारों और कर्तव्यों के साथ-साथ बाल अधिकारों की विस्तार से जानकारी दी। इसके अलावा साइबर क्राइम से बचाव, पॉक्सो एक्ट और निःशुल्क विधिक सहायता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी सरल भाषा में समझाया। उन्होंने कहा कि आज के समय में बच्चों को कानून की जानकारी होना बेहद जरूरी है, ताकि वे अपने अधिकारों की रक्षा कर सकें और गलत परिस्थितियों में सही कदम उठा सकें। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने भी सवाल पूछे, जिनका न्यायाधीश ने सरल और व्यावहारिक तरीके से जवाब दिया। अंत में प्रधानाचार्य केशुलाल खराड़ी ने मुख्य अतिथि और सभी अतिथियों का आभार जताया।