लोक देवता तेजाजी महाराज के मेले को लेकर क्षेत्र में आस्था का माहौल बना हुआ है। सोमवार से शुरू होने वाले तेजाजी महाराज के मेले को लेकर रविवार को देहलोद गांव में बिंदौरी निकाली गई। सोमवार को क्षेत्र के विभिन्न गांवों से श्रद्धालु डीजे की धुन पर नाचते-गाते पदयात्रा के रूप में तेजाजी के मंदिरों में दर्शन के लिए पहुंचेंगे। देहलोद गांव में रविवार को तेजाजी मंदिर से बिंदौरी शुरू हुई, जो गांव के प्रमुख मार्गों से होती हुई वापस मंदिर पहुंची। इस दौरान तेजाजी की आकर्षक झांकी सजाई गई। ग्रामीणों ने जगह-जगह झांकी पर पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। बिंदौरी में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। तारनपुर गांव से सोमवार सुबह 8 बजे तेजाजी महाराज की पदयात्रा रवाना होगी, जो खिरनी स्थित तेजाजी महाराज मंदिर पहुंचेगी। इसी प्रकार भाड़ौती, बड़ागांव कहार, गंभीरा और शेषा गांव से भी श्रद्धालु डीजे की धुन पर नाचते-गाते पदयात्रा लेकर खिरनी पहुंचेंगे और तेजाजी के दर्शन करेंगे। भारजा नदी गांव से निकलने वाली पदयात्रा देहलोद गांव पहुंचेगी, जहां श्रद्धालु तेजाजी महाराज के दर्शन करेंगे। बौंली/शिवाड़| उपखंड मुख्यालय सहित क्षेत्र में लोक देवता तेजाजी महाराज की जयंती समारोह पूर्वक मनाई जाएगी। विभिन्न स्थानों पर रविवार शाम को तेजाजी महाराज की बिंदौरी निकाली गई। सोमवार सुबह तेजाजी महाराज के मन्दिरों में श्रद्धालु पूजा अर्चना करेंगे।