बाड़मेर में शनिवार को तापमान 45.7 डिग्री पहुंच गया। प्रदेश में सबसे ज्यादा गर्म बाड़मेर ही रहा। मौसम विभाग की रेड अलर्ट की चेतावनी के बीच प्रशासन एक्शन मोड में आ गया है। कलेक्टर ने जिले के सभी सरकारी और निजी स्कूलों के समय में कटौती के आदेश जारी किए हैं। कलेक्टर द्वारा जारी आदेश के अनुसार जिले के सभी राजकीय और निजी विद्यालयों में प्री-प्राइमरी से लेकर कक्षा 8 तक के विद्यार्थियों के लिए समय सुबह 7:30 बजे से दोपहर 11:30 बजे तक रहेगा। सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर भी यही समय लागू होगा। कलेक्टर द्वारा जारी किए गए आदेशों में विद्यार्थियों को राहत दी गई है, लेकिन शिक्षकों और अन्य कार्मिकों को निर्धारित विभागीय समय तक स्कूल में रहकर कार्य निष्पादित करना होगा। रात का तापमान 29.2 डिग्री पहुंचा, राहत नहीं शनिवार को बाड़मेर ने गर्मी के पिछले कई रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। मौसम विभाग के आंकड़ों ने सबको चौंका दिया है। अधिकतम तापमान 45.7 डिग्री सेल्सियस प्रदेश में सर्वाधिक है। वहीं न्यूनतम तापमान 29.2 डिग्री सेल्सियस होने के कारण आमजन को रात में भी राहत नहीं मिल रही है। इसी के साथ जैसलमेर प्रदेश में दूसरे स्थान पर सबसे गर्म रहा। दिन के समय सड़कें सूनी रही। आगे क्या - 48 घंटे में तापमान और बढ़ेगा, 47 डिग्री पहुंचेगा मौसम विभाग के अनुसार आने वाले 48 घंटों में तापमान में और बढ़ोतरी की संभावना है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय न होने और पाकिस्तान की तरफ से आने वाली गर्म हवाओं के कारण बाड़मेर में पारा 47 डिग्री को भी छू सकता है। यदि स्थिति और बिगड़ती है, तो प्रशासन स्कूलों में पूर्ण अवकाश या समय में और अधिक बदलाव पर विचार कर सकता है।