बाड़मेर बाड़मेर में आखिरकार मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में सूर्य के तेवर नरम पड़ने लगे हैं और शहरवासियों को चुभती गर्मी से राहत मिलने के साथ ही सुबह-शाम हल्की सर्दी का अहसास होने लगा है। पिछले कुछ दिनों के तापमान पर गौर करें तो बाड़मेर का पारा लगातार नीचे आ रहा है, जिससे दीपावली के आसपास के इस सीजन में हल्की ठंड ने दस्तक दे दी है। मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक पिछले सात दिनों के भीतर ही अधिकतम और न्यूनतम तापमान में स्पष्ट गिरावट दर्ज की गई है। दिन और रात के तापमान में करीब 13 डिग्री का अंतर है। ऐसे में अब सर्दी, जुकाम और वायरल बीमारियों का प्रकोप बढ़ गया है। रात के समय हल्की सर्दी का अहसास होता है और दिन में धूप तेज लगती है। ऐसे में रात में मच्छरों का भी प्रकोप बढ़ गया है। 24 अक्टूबर को अधिकतम तापमान 38.6 डिग्री दर्ज किया गया था, वह घटकर 30 अक्टूबर तक 34.7 डिग्री पर आ गया है। सप्ताहभर में दिन के तापमान में करीब 4 डिग्री तक की कमी आई है। न्यूनतम तापमान में भी लगातार उतार-चढ़ाव के साथ हल्की नरमी आई है। 24 अक्टूबर को न्यूनतम तापमान 23.0 डिग्री रिकॉर्ड हुआ था, जो लुढ़ककर 30 अक्टूबर को 21.2 डिग्री पर पहुंच गया है। रात के समय ठंडी हवाओं से मौसम सुहाना होने लगा है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ और हवाओं के रुख में बदलाव के कारण तापमान में यह गिरावट दर्ज की जा रही है।