अलवर जिले के थानागाजी थाना पुलिस ने अवैध खनन और अवैध परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चेजा पत्थर से भरी तीन ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को जब्त किया है। यह कार्रवाई थानागाजी क्षेत्र में की गई। पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले में अवैध खनन के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. प्रियंका रघुवंशी और वृत्ताधिकारी थानागाजी इंदु लोदी के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई। थानाधिकारी रामस्वरूप के नेतृत्व में पुलिस टीम ने थाना क्षेत्र में दबिश दी। इस दौरान अवैध रूप से चेजा पत्थर का परिवहन कर रही तीन ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को पकड़ा गया। पुलिस ने मौके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान यगपाल सिंह बेटा प्रहलाद सिंह, नरेश मीणा बेटा रमेशचंद मीणा और नेमीचंद बेटा छंगाराम के रूप में हुई है। मामले की जांच जारी है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने तीन ट्रैक्टर-ट्रॉलियों सहित अवैध चेजा पत्थर को जब्त किया। इस पूरी कार्रवाई में थानागाजी पुलिस की एक विशेष टीम शामिल रही, जिसमें उपनिरीक्षक, हेड कांस्टेबल और कांस्टेबल स्तर के पुलिसकर्मियों ने संयुक्त रूप से कार्रवाई को सफल बनाया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध खनन और अवैध परिवहन के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान जारी रहेगा। ऐसे मामलों में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।