पश्चिम बंगाल के हावड़ा बेलूर के तिकमानी मार्केट में लेदर कन्वेयर बेल्ट के एक गोदाम में आग लग गई। आग बुझाने के लिए 6 दमकल गाड़ियां तैनात की गई हैं। आज की अन्य खबरें… शरद पवार ब्रीच कैंडी अस्पताल से डिस्चार्ज हुए, घर पर जारी रहेगा इलाज NCP (SP) प्रमुख शरद पवार को शनिवार को मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया। उन्हें ब्रोंकाइटिस और सीने में संक्रमण के कारण भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों के मुताबिक, उनकी हालत स्थिर है और संक्रमण में सुधार हो रहा है। अब उनका इलाज घर पर जारी रहेगा। इससे पहले बुधवार को उन्हें पुणे के रूबी हॉल क्लिनिक से छुट्टी दी गई थी। दिल्ली के शाहीन बाग से किशोरी का रेस्क्यू, मालिक पर गर्म रॉड से दागने, कई दिनों तक भूखा रखने के आरोप दिल्ली के शाहीन बाग इलाके के घर से 16 साल की लड़की को पुलिस ने बचाया। आरोप है कि उससे दिन में करीब 20 घंटे काम कराया जाता था, उसे गर्म लोहे की रॉड से दागा जाता था। उसे कई दिनों तक खाना भी नहीं दिया जाता था। यह लड़की अबुल फजल एन्क्लेव-II के एक घर में घरेलू सहायिका थी और उसे करीब एक साल से उसके माता-पिता से दूर रखा गया था। पुलिस के अनुसार, 'एसोसिएशन फॉर वॉलंटरी एक्शन' नाम की संस्था ने शिकायत दर्ज कराई थी। स्थानीय एसडीएम के निर्देश पर, श्रम विभाग, दिल्ली पुलिस और NGO के प्रतिनिधियों ने 3 और 4 नवंबर को एक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। दिल्ली बिल्डिंग हादसे में मरने वालों की संख्या 3 हुई, अब तक मलबे से 5 लोगों को निकाला गया दिल्ली के हौज काजी इलाके में तीन मंजिला निर्माणाधीन इमारत गिरने से मरने वालों की संख्या बढ़कर 3 हो गई है। शनिवार को मलबे से बिहार के खगड़िया जिले के रहने वाले पंकज शर्मा का शव बरामद किया गया। हादसा गुरुवार सुबह करीब 9:45 बजे चावड़ी बाजार मेट्रो स्टेशन के पास गली सितारा में हुआ था। अब तक मलबे से 5 लोगों को निकाला गया है। इनमें 3 की मौत हो गई, जबकि 2 घायल हैं। दोनों की हालत स्थिर है। हादसे के समय इमारत में 10 से 15 मजदूर काम कर रहे थे। MCD के मुताबिक, इमारत का नक्शा पास नहीं था और निर्माण बिना जरूरी मंजूरी के किया जा रहा था। छत की स्लैब डालते समय इमारत ढह गई। पुलिस ने मालिकों और ठेकेदारों के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या का केस दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। दिल्ली आस्था कुंज पार्क गैंगरेप- पुलिस एक हफ्ते में दाखिल करेगी 500 पेज की चार्जशीट दिल्ली के आस्था कुंज पार्क में 17 साल की लड़की से गैंगरेप के मामले में पुलिस एक हफ्ते के भीतर 500 पेज से ज्यादा की चार्जशीट दाखिल कर सकती है। इसमें पीड़िता और उसके पुरुष मित्र समेत करीब 60 गवाहों के बयान और 50 दस्तावेज शामिल होंगे। पुलिस के मुताबिक, चार्जशीट में CCTV फुटेज, फॉरेंसिक रिपोर्ट, आरोपियों के कपड़े और न्यायिक पहचान परेड से जुड़े सबूत भी होंगे। घटना 22 सितंबर की है। लड़की अपने जन्मदिन पर 17 साल के दोस्त के साथ कालकाजी मंदिर गई थी। इसके बाद दोनों आस्था कुंज पार्क पहुंचे, जहां तीन आरोपियों ने चाकू दिखाकर उन्हें धमकाया और लड़की के साथ गैंगरेप की। पुलिस ने 300 से ज्यादा CCTV कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद आसिफ, हेमंत और महेश को गिरफ्तार किया था। तीनों फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं। महाराष्ट्र डिप्टी CM के बंगले के बाहर कार में आग लगी महाराष्ट्र के ठाणे वेस्ट में डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे के बंगले के सामने एक कार में आग लग गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, घटना बंगले के ठीक सामने हुई। आग लगने की वजह और नुकसान की जानकारी सामने नहीं आई है।