शहर में प्री-मानसून से शुरू हुआ सड़कों के धंसने का सिलसिला रुकने का नाम नहीं ले रहा है। रविवार रात 1 बजे बाद हुई बारिश ने प्रशासन की तैयारियों और आदेशों को बेनकाब कर दिया। इस दौरान 69 मिमी (2.7 इंच) बारिश रिकॉर्ड हुई, जिससे 27 से ज्यादा जगह सड़क धंस गईं। गंगा-जमुना पेट्रोल पंप के सामने इनोवा कार गड्ढे में समा गई। यहां 25 फीट लंबा और 10 फीट गहरा गड्ढा हो गया। शिप्रा पथ से गोपालपुरा बाईपास को जोड़ने वाले शांति पथ पर ड्रेनेज लाइन टूटने से पूरी सड़क कटाव में चली गई। मानसरोवर, सूर्य नगर तिराहा, कालवाड़ रोड, सांगानेर, मांग्यावास और सिरसी रोड तक सड़कें टूटने व धंसने की शिकायतें सामने आईं। बता दें कि इससे पहले हुई दो तेज बारिश के दौरान टोंक रोड पर 20 फीट का गड्ढा हुआ। गोपालपुरा बाईपास पर टैंकर पलट गया था। 5 सेकंड में 10 फीट का गड्ढा 20 फीट का हुआ... इनोवा तक समा गई रविवार देर रात हुई बरसात से गोपालपुरा बाईपास गंगा जमुना पेट्रोल पंप के सामने सड़क धंसने से गड्ढा हुआ। यह महज 5 सेकंड में 10 से 20 फीट चौड़ा हो गया। यहां खड़ी इनोवा कार उसमें पूरी समा गई।