भास्कर न्यूज | टोंक डीओआईटी के वीसी रूम में गुरुवार को कलेक्टर टीना डाबी ने बैठक लेकर ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों के साथ मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल, लोकायुक्त प्रकरण, एसटी आयोग के मामले, जिला स्तरीय जनसुनवाई और संपर्क पोर्टल पर लंबित परिवादों की विभागवार समीक्षा की। कलेक्टर ने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी स्तर पर परिवेदना को लंबित नहीं रखा जाए और आमजन की शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जिन मामलों में परिवादी को राहत देना संभव नहीं है, वहां स्पष्ट जवाब देकर उन्हें समझाइश दी जाए। उन्होंने एडीएम बीसलपुर भूपेन्द्र यादव को निर्देश दिए कि लंबे समय से लंबित मामलों में संबंधित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किए जाएं। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि संपर्क पोर्टल पर औसत निस्तारण समय से अधिक रहने वाले अधिकारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर ने यह भी निर्देश दिए कि अधिकारी निस्तारण के बाद परिवादी से संवाद करें।