राजसमंद | नगर परिषद आयुक्त ललितसिंह देथा के निर्देश पर टीम ने मुख्य चौपाटी से पुरानी सब्जी मंडी तक सड़क किनारे किए गए अस्थायी अतिक्रमण हटाए। टीम ने दुकानों के बाहर रखा सामान हटवाया। सड़क पर किए गए अतिक्रमण भी हटाए। अभियान के दौरान सब्जी विक्रेताओं और ठेला संचालकों के पास से प्रतिबंधित प्लास्टिक भी जब्त की गई। कुल 1 क्विंटल 35 किलोग्राम 100 ग्राम प्रतिबंधित प्लास्टिक पकड़ी गई। लावासरदारगढ़| आमेट के राजकीय और निजी स्कूलों में पढ़ने वाले पात्र विद्यार्थियों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए 7 जुलाई तक विशेष अभियान चलेगा। अभियान उन विद्यार्थियों के लिए होगा, जो अब तक पालनहार योजना और विशेष योग्यजन पेंशन योजना के लाभ से वंचित हैं। आमेट एसडीएम के आदेशानुसार अभियान के दौरान मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी के जरिए क्षेत्र के सभी सरकारी और निजी स्कूलों में सघन सर्वे कराया जाएगा। सर्वे में ऐसे विद्यार्थियों की पहचान होगी, जिन्हें अभी तक पालनहार योजना का लाभ नहीं मिला है। राजसमंद| अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ विद्यालय शिक्षा राजसमंद के जिलाध्यक्ष सतीश आचार्य ने संयुक्त निदेशक, उदयपुर मंडल को पत्र भेजकर तृतीय श्रेणी से द्वितीय श्रेणी पदोन्नति के लिए सभी विषयों की वरिष्ठता सूची शीघ्र जारी करने की मांग की है। उन्होंने बताया कि उदयपुर को छोड़कर राज्य के सभी संभागों में सूची जारी हो चुकी है। समय पर सूची जारी नहीं होने से मंडल के शिक्षक पदोन्नति प्रक्रिया में पिछड़ सकते हैं।