पुराने बसस्टैंड के पास मोहनपुरा जाने वाले रास्ते पर बनी पुलिया सालभर पहले बरसात में क्षतिग्रस्त हो गई थी। अबतक निर्माण शुरू नहीं हुआ। कमलेश्वर महादेव मंदिर के पास की पुलिया भी एक साल पहले बारिश में क्षतिग्रस्त हुई थी। उसका निर्माण भी नहीं हो सका। लोगों को रोज आने-जाने में परेशानी हो रही है। अब मानसून में दिक्कत बढ़ने की आशंका है। बरसात को देखते हुए शहर से मोहनपुरा जाने वाले मार्ग पर क्षतिग्रस्त पुलिया का निर्माण जल्द होना चाहिए। पीडब्ल्यूडी के जेईएन मनोज मीणा ने कहा कि पुराने बस स्टैंड के पास वाली पुलिया उनके कार्य क्षेत्र में नहीं आती। यह पालिका के कार्य क्षेत्र में है। नगरपालिका ने इस पुलिया के लिए प्रस्ताव बनाकर सरकार को भेजे हैं। पालिका प्रशासन के मुताबिक प्रस्तावों को अभी स्वीकृति नहीं मिली है। पालिका का कहना है कि पुलिया निर्माण के लिए उनकी ओर से पूरे प्रयास किए गए हैं। कमलेश्वर महादेव मंदिर के पास मुख्य मार्ग पर पुलिया एक साल पहले बारिश में पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी। इससे श्रद्धालुओं और वाहन चालकों को परेशानी हो रही है। समय रहते निर्माण नहीं हुआ तो बारिश में यहां भी गंभीर समस्या हो सकती है। जेईएन मनोज मीणा ने बताया कि कमलेश्वर वाली पुलिया का प्रस्ताव भेजा जा चुका है। टेंडर होने के बाद निर्माण शुरू करवा दिया जाएगा।