डूंगरपुर| पीएम आवास योजना ग्रामीण में जिले की प्रगति रिपोर्ट ने गंभीर खामियां उजागर कर दी हैं। 1 मई तक की एफटीओ यानि फिजिकल प्रोग्रेस रिपोर्ट के अनुसार हजारों लाभार्थियों को पहली किस्त जारी होने के बावजूद बड़ी संख्या में आवास अधूरे पड़े हैं। अब विभाग ने ऐसे मामलों में नोटिस जारी कर सख्ती शुरू की है। रिपोर्ट के अनुसार जिले में वर्ष 2024-25 से 2025-26 के बीच कुल 34 हजार 278 आवासों का लक्ष्य निर्धारित किया गया। इसके मुकाबले 33 हजार 912 लाभार्थियों को पहली किस्त जारी कर दी गई, जो कि लगभग 99 प्रतिशत है, हालांकि इसके बाद प्रगति धीमी पड़ गई। दूसरी किस्त तक केवल 27 हजार 578 लाभार्थी ही पहुंच सके, जबकि तीसरी किस्त 14 हजार 492 लाभार्थियों को ही मिल सकी। सबसे अहम बात यह है कि इस अवधि में केवल 14 हजार 972 आवास ही पूर्ण हो पाए हैं। सागवाड़ा ब्लॉक में 6 हजार 228 लक्ष्य के मुकाबले बड़ी संख्या में आवास तीसरी किस्त से पहले ही अटक गए। सीमलवाड़ा में 4 हजार 346 लक्ष्य के मुकाबले केवल 2 हजार 159 आवास पूर्ण हो पाए। बिछीवाड़ा और डूंगरपुर ब्लॉक में भी दूसरी और तीसरी किस्त के बीच बड़ी गिरावट दर्ज की गई। इससे साफ है कि पहली किस्त जारी होने के बाद निर्माण कार्य की गति कई जगहों पर थम गई। इसमें 364 लाभार्थियों की पहली किस्त ही लंबित है। इसका मुख्य कारण आधार आधारित भुगतान प्रणाली में तकनीकी दिक्कतें बताई गई हैं। 6 हजार 334 मामलों में दूसरी किस्त लंबित है, जबकि 13 हजार 86 मामलों में तीसरी किस्त अटकी हुई है। इसके अलावा 19 हजार 304 मामलों में पूर्णता के बाद भी भुगतान लंबित दिखाया गया है। ^फिजिकल प्रोग्रेस रिपोर्ट (एफटीओ) का प्रोसेस जयपुर से किया जाता है। जीओ टेंगिंग के आधार पर किस्तों का चयन होता है। हमारा प्रयास है कि जून तक जितने अधूरे आवास हैं, उन लाभार्थियों को पूरा लाभ दिलाया जाएगा। - सीईओ हनुमानसिंह राठौड़, जिला परिषद डूंगरपुर। ब्लॉक पहली दूसरी तीसरी पूर्ण अधूरे आसपुर 3325 2511 1189 1341 1995 बिछीवाड़ा 3621 3081 1514 1580 2054 चीखली 2300 2033 1521 1478 896 दोवड़ा 3005 2416 1213 1169 1871 डूंगरपुर 3395 2917 1213 1379 2052 गलियाकोट 2889 2396 1266 1255 1711 झौंथरी 2083 1786 927 1053 1053 साबला 2749 1996 1090 1129 1686 सागवाड़ा 6222 4737 2250 2429 3799 सीमलवाड़ा 4323 3705 2309 2159 2187 कुल 33912 27578 14492 14972 19304