भास्कर संवाददाता | डूंगरपुर शहर के सोनिया चौक स्थित एक मकान में बदमाशों ने दिन-दहाड़े सोने-चांदी के जेवर और नकदी चुरा ली। वारदात गुरुवार दोपहर के समय उस समय हुई जब मकान मालिक घर से कुछ ही दूरी पर स्थित उसकी दुकान पर गया हुआ था तब हुई। गुरुवार देर शाम को जब मकान मालिक ने घर पहुंचकर देखा तो कमरे और अलमारी का सारा सामन बिखरा हुआ मिला तो उसके होश उड़ गए। पीड़ित ने इसकी सूचना कोतवाली पुलिस को दी। पुलिस ने मौका मुआवना कर आसपास के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की तलाश शुरू की। पीड़ित जयराज पुत्र कन्हैयालाल श्रीमाल ने बताया कि घर के पास ही उसकी किराणा दुकान है। पत्नी दो माह से बेटी की डिलीवरी के कारण उसके पास गई हुई है, जिससे वह घर पर अकेला है। उसने बताया कि किराणा का अधिकांश सामान घर पर ही रखता है। इसी कारण मुख्य दरवाजे पर सिर्फ कुंडी लगा रखी थी। अंदर के दरवाजे पर ताला लगा हुआ था। जयराज ने बताया कि गुरुवार दोपहर के समय वह घर गया तो खिड़की खुली मिली। बाहर पड़े पैंट में रखी नकदी गायब थी। लेकिन, अंदर के दरवाजे पर ताला लगा होने से उसने उस समय ध्यान नहीं दिया। शाम को दुकान बंद करके घर पहुंचा। भीतर का दरवाजा खोला तो सामान बिखरा मिला और अलमारी में रखे करीब 2.70 लाख रुपए गायब थे। पैंट में रखे 28 हजार से ज्यादा रुपए भी नहीं मिले। करीब साढ़े तीन किलो चांदी के आभूषण और 15 से 17 तोला सोने के आभूषण भी चोरी हो गए। पीड़ित ने कहा- जीवनभर की कमाई ले गए चोर पीड़ित जयराज श्रीमाल ने बताया कि उसके तीन बच्चे हैं। बड़ा बेटा मंजय अपनी शादी के बाद परिवार सहित अहमदाबाद में रहता है, जबकि छोटा बेटा जिगर भी वहीं रहकर काम करता है। बेटी रूशाली की शादी एक वर्ष पूर्व की थी और वर्तमान में उसकी डिलीवरी के चलते पत्नी उसके पास मेहसाणा में है। जयराज ने बताया कि छोटे बेटे जिगर की शादी की बातचीत चल रही थी। इसी को लेकर उन्होंने घर में नकदी और सोने-चांदी के आभूषण संभालकर रखे थे। लेकिन चोरी की इस वारदात ने उनके अरमानों पर पानी फेर दिया। उन्होंने भावुक होकर कहा कि चोर न केवल उनकी जीवनभर की कमाई ले गए, बल्कि बेटे की शादी से जुड़ी उम्मीदें भी तोड़ गए।