देश में जितने भी स्टेडियम में इस बार आईपीएल मैच हो रहे हैं उनमें सवाई मानसिंह स्टेडियम की दर्शक क्षमता धर्मशाला, हिमाचल के बाद सबसे कम है। अहमदाबाद के नरेन्द्र मोदी स्टेडियम की दर्शक क्षमता जहां एक लाख से ज्यादा है वहीं धर्मशाला की करीब 23 हजार है। जहां तक सवाई मानसिंह स्टेडियम की दर्शक क्षमता की बात है तो यह लगभग 25 हजार है। इसमें भी करीब 10 हजार सीटें हर साल टेम्परेरी लगती हैं। फिक्स सीटों की बात करें तो करीब 15 हजार हैं। इनमें भी इस बार करीब 2500 सीटें कम हो जाएंगी। यानी इस बार एसएमएस स्टेडियम की दर्शक क्षमता धर्मशाला के स्टेडियम से भी कम हो जाएगी। सिर्फ 22,500 के करीब दर्शक इस बार जयपुर में होने वाले चार आईपीएल मैचों का आनंद ले सकेंगे। RR फ्रेंचाइजी को भी नुकसान... 2500 सीटें कम होने से राजस्थान रॉयल्स फ्रेंचाइजी को भी नुकसान होगा। करीब 2500 टिकटें कम बिकेंगी। औसत 3000 रुपए भी टिकट की कीमत मानी जाए तो हर मैच में करीब 75 लाख रुपए की टिकटें कम बिकेंगी। चार मैचों में करीब 3 करोड़ रुपए की टिकटें कम बिकेंगी। दर्शक सुविधा के लिए बनाईं नई गैलरीज दर्शकों को किसी तरह की असुविधा न हो व किसी भी अनहोनी की स्थिति में दर्शक आसानी से बाहर निकल सकें इसलिए 23 नई गैलरी दर्शक दीर्घा में बनाई गई हैं। दर्शक आसानी से अपनी सीटों पर भी पहुंच सकते हैं और मैच के बाद बाहर निकलने में भी उन्हें किसी तरह की कोई परेशानी नहीं होगी।