दीपावली के नजदीक आते ही शहर के बाजारों में खासी चहल-पहल व रौनक बढ़ रही है। त्योहार की तैयारियों को लेकर शहरवासियों में जबरदस्त उत्साह है, जिसके चलते बाजारों में ग्राहकों की भीड़ आना शुरू हो गई है। बाजार में स्थित रेडीमेड गारमेंट्स, क्लॉथ स्टोर्स, फैंसी स्टोर, शूज स्टोर व घरों को सजाने के आकर्षक समानों की दुकानों पर खरीदारों की भीड़ लगना शुरू हो गई है। रंग-बिरंगी रोशनी, झालरें सहित सजावटी वस्तुओं से सजी दुकानें राहगीरों व ग्राहकों को आकर्षित कर रही हैं। शहर में जगह-जगह आकर्षक पोस्टरों व कैलेंडरों के स्टॉल व काउंटर सजे हुए हैं, जहाँ लोग माँ लक्ष्मी, भगवान गणेश सहित धार्मिक एवं मनपसंद के पोस्टरों की जमकर खरीदारी कर रहे हैं। दुकानों के बाहर आतिशबाजी व पटाखों के काउंटरों पर भी बच्चों सहित युवाओं की भीड़ विभिन्न वैरायटी के पटाखे खरीदने के लिए जुटने लगी है। त्यौहार को लेकर शहर सहित आसपास के ग्रामीण अंचलों से भी ग्राहक आवश्यक वस्तुओं व साज-सज्जा के समानों की खरीदारी करने शहर पहुंच रहे हैं, जिससे व्यापारिक प्रतिष्ठानों में कारोबार को नई गति मिली है। दूसरी तरफ त्योहार को लेकर घरों, दुकानों, प्रतिष्ठानों व ऑफिसों की साफ-सफाई एवं रंग-रोगन का कार्य भी युद्ध स्तर पर चल रहा है। हर कोई अपने आशियाने व कार्यस्थल को नया व सुंदर रूप देने में व्यस्त नजर आ रहा है। जिसके चलते शहर के पेंट, डिस्टेंपर, ब्रश व हार्डवेयर की दुकानों पर भी दिनभर ग्राहकों का जमावड़ा लगा रहता है और लोग अपनी पसंद के कलर खरीदने में जुटे हुए हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में दीपोत्सव का उल्लास पूरी तरह छा गया है।