भास्कर न्यूज | प्रतापगढ़ मानसून से पहले शहर में अब नगर परिषद की टीम सख्ती से सुबह, दोपहर व शाम को रोजाना अलग-अलग क्षेत्रों को चिन्हित कर वहां के गली-मोहल्ले, कॉलोनी, नदी-नालों में जमे कचरे के ढ़ेर हटवाकर सफाई अभियान तेज कर दिया है। आयुक्त जितेंद्र मीणा ने बताया कि आगामी मानसून को ध्यान में रखते हुए शहर में नगर परिषद कार्मिकों की टीम बना कर रोजाना अलग-अलग एरिये में सफाई करवाई जा रही है। स्वास्थ्य निरीक्षक विशाल चनाल के नेतृत्व में शहर में धार्मिक तीर्थ स्थल, गली-मोहल्ले, कॉलोनी एवं मुख्य मार्गो पर गंदगी साफ कर धुलवाया गया है। नगर परिषद कार्मिकों की टीम ने सोमवार को शहर के सालमपुरा, साढ़े बारह मंदिर गली, क्रय-विक्रय समिति, अहीर मोहल्ला, बड़ा बाग, बगवास, अहिंसा नगर, दीपेश्वर महादेव मंदिर का नाला एवं अरनोद रोड नाले सहित अन्य स्थानों पर नाला-नाली में जमा गंदगी के ढेर को निकालकर सफाई करवाई गई। साथ ही शहर के मुख्य मार्गों पर बने डिवाइडरों पर जमा धूल को भी साफ कर धुलवाया गया। नगर परिषद का अब सफाई अभियान अब रोजाना आगे भी जारी रहेगा।