भास्कर न्यूज | ब्यावर विश्व नवकार दिवस के पावन अवसर पर जीतो परिवार, ब्यावर द्वारा विश्व शांति और मंगल भावना के लिए जवाहर भवन, विनोद नगर में आयोजन हुआ। जिसमें बड़ी संख्या में श्रावक-श्राविकाओं ने भाग लिया। कार्यक्रम की शुरूआत गुरुवार सुबह 8.01 बजे से हुई, जो 9.36 बजे तक निरंतर मधुर नवकार मंत्र जाप के साथ चला। इससे पूर्व दीप प्रज्जवलन कर नवकार मंत्र की तस्वीर के समक्ष श्रद्धा व्यक्त की गई। इस अवसर पर भक्तिमय सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गई। विदिशा जैन ने मधुर भजनों से सभी को भाव-विभोर कर किया। इसी प्रकार रिया डोसी ने अपनी बांसुरी वादन कला से पूरे वातावरण को आध्यात्मिक बना दिया। संघ अध्यक्ष गौतम चंद चौधरी ने बताया कि आचार्य रामेश के आह्वान पर संघ की तीनों इकाइयों ने एकजुट होकर इस जाप में भाग लिया और विश्व शांति की प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि नवकार मंत्र से अहंकार समाप्त होता है। इस अवसर पर अमित शाह द्वारा विज्ञान भवन में नवकार मंत्र की महिमा पर दिए गए विचारों का भी उल्लेख किया गया, जिसमें उन्होंने कहा कि यह मंत्र व्यक्ति के अहंकार को समाप्त कर समस्त साधु-संतों के प्रति वंदना का भाव उत्पन्न करता है। अंत में जीतो परिवार द्वारा सभी उपस्थित श्रद्धालुओं के लिए अल्पाहार की व्यवस्था की गई और सभी का आभार व्यक्त किया गया। इस मौके पर विधायक शंकर सिंह रावत द्वारा विदिशा जैन एवं रिया डोसी को सम्मानित किया गया। सहमंत्री एवं संघ प्रवक्ता नौरतमल बाबेल ने बताया कि आचार्य भगवंत के आशीर्वाद से गुरुवार को नवकार दिवस के रूप में विश्वभर में एक साथ मनाने की परंपरा प्रारंभ हुई, जो आज वैश्विक स्तर पर शांति का संदेश दे रही है। वर्द्धमान महाविद्यालय में भी नवकार महामंत्र का जाप श्री वर्द्धमान शिक्षण समिति द्वारा संचालित श्री वर्द्धमान कन्या पीजी महाविद्यालय में भी विश्व शांति और मानव कल्याण के उद्देश्य से विश्व नवकार महामंत्र दिवस श्रद्धा के साथ मनाया गया। प्राचार्य डॉ. आरसी लोढ़ा ने बताया कि नवकार मंत्र आत्मशुद्धि और आंतरिक शक्ति को जागृत करने का माध्यम है। जो समस्त पापों और बाधाओं का नाश करता है और व्यक्ति को भौतिक इच्छाओं से दूर आत्मिक विकास की ओर प्रेरित करता है। श्री वर्द्धमान शिक्षण समिति के मंत्री डॉ नरेन्द्र पारख ने बताया कि यह मंत्र न केवल मानसिक शांति प्रदान करता है बल्कि समाज को ऊर्जावान बनाने और विश्व शांति में अहम भूमिका निभाता है। सामूहिक जाप में महाविद्यालय के समस्त संकाय सदस्य एवं कर्मचारी उपस्थित थे।