भास्कर न्यूज| बारां जिले में अब अप्रैल का दूसरा सप्ताह निकलने के बाद गर्मी का असर लगातार बढ़ रहा है। इसके चलते अब दिन के साथ रात के तापमान में भी लगातार बढ़ोतरी हो रही है। मंगलवार को सोमवार के मुकाबले रात के तापमान में 4 डिग्री की बढ़ोतरी हुई और पारा 26 डिग्री के पार पहुंच गया। इसके कारण अब दिन के साथ रात को भी गर्मी का असर लगातार बढ़ रहा है। वहीं दिन में भी तेज धूप के कारण तापमान 38 डिग्री के पार बना हुआ है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 38.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम केंद्र जयपुर निदेशक डॉ. राधेश्याम शर्मा ने बताया कि अप्रैल की शुरुआत में लगातार एक्टिव हुए पश्चिमी विक्षोभ के कारण आंधी-बारिश की गतिविधियों के कारण गर्मी से राहत थी। लेकिन अब कोई भी सिस्टम एक्टिव नही है। आगामी दिनों में भी कोई पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव होने की संभावना नही है। लगातार गर्मी का असर बढ़ने के आसार है। अब बारां समेत हाड़ौती संभाग में आगामी दिनों में मौसम सामान्यत: शुष्क रहने की संभावना है। इस दौरान तापमान में भी 3-4 डिग्री की बढ़ोतरी के आसार है। अप्रैल के अंत में तापमान 40 डिग्री के पार पहुंचने के आसार है। आगामी दिनों में भी लगातार गर्मी का असर बढ़ने की संभावना है।