भास्कर न्यूज | बालोतरा शहर में गुरुवार को दिनभर तेज गर्मी और तपिश के चलते आमजन को परेशानियों का सामना करना पड़ा। सुबह से ही सूरज की तीखी किरणों ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया। मौसम विभाग के अनुसार दिन का अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहा। तापमान में इस बढ़ोतरी ने लोगों की दिनचर्या को प्रभावित कर दिया। दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा छाया नजर आया। तेज धूप व गर्म हवाओं के कारण लोग घरों में ही रहने को मजबूर हो गए। केवल आवश्यक कार्य होने पर ही लोग घरों से बाहर निकले। खासकर दोपहर 12 बजे से लेकर 4 बजे तक बाजारों में सामान्य दिनों की तुलना में कम भीड़ देखने को मिली। राहगीर सिर पर कपड़ा या छाता रखकर धूप से बचाव करते नजर आए। गर्मी से राहत पाने के लिए शहर में जगह-जगह पेय पदार्थों की दुकानों पर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। ठंडे पानी, शीतल पेय, लस्सी, छाछ और जूस की दुकानों पर दिनभर ग्राहकों की आवाजाही बनी रही। चिकित्सकों ने सलाह दी कि गर्मी के कारण हीट स्ट्रोक व डिहाइड्रेशन का खतरा बढ़ जाता है, इसलिए पर्याप्त मात्रा में पानी पीना और धूप में निकलने से बचना जरूरी है। खासकर बच्चों और बुजुर्गों को विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता है। मौसम विशेषज्ञों का अनुमान है कि आने वाले दिनों में तापमान में और वृद्धि हो सकती है, जिससे लोगों को अभी और अधिक गर्मी का सामना करना पड़ सकता है।