मुख्यमंत्री कालीबाई भील उड़ान योजना में धांधलियों पर रोक लगाने के लिए राज्य सरकार ने नई व्यवस्था लागू की है। अब लाभार्थियों का पंजीयन राजसीम्स पोर्टल पर शुरू किया गया है। योजना का लाभ लेने के लिए जनआधार कार्ड के साथ वन टाइम पासवर्ड सत्यापन अनिवार्य होगा। अब सप्लाई, डिमांड और वितरण का पूरा रिकॉर्ड ऑनलाइन दर्ज किया जाएगा। वहीं, कई किशोरियों के जन आधार कार्ड में पिता, भाई या परिवार के अन्य पुरुष परिजन का मोबाइल नंबर दर्ज है। ऐसे में हर बार स्कूल या आंगनबाड़ी से सेनेटरी नैपकिन लेने के लिए बेटियों को उनसे ओटीपी मंगाना पड़ेगा, जो संकोच का कारण बन सकता है। 1 साल से सप्लाई बंद, अब वितरण ऑनलाइन एक वर्ष से योजना के तहत सेनेटरी नैपकिन की सप्लाई बंद थी। अब सप्लाई शुरू होने के साथ वितरण पूरी तरह राजसीम्स पोर्टल के जरिए होगा। लाभार्थी का पंजीयन, डिमांड, सप्लाई और वितरण का पूरा रिकॉर्ड ऑनलाइन दर्ज होगा। ओटीपी सत्यापन के बिना नैपकिन नहीं दिए जाएंगे। योजना के तहत प्रत्येक तीन माह में एक बार प्रति माह दो पैकेट के हिसाब से कुल 6 पैकेट (36 पैड्स) दिए जाते हैं। सरकार का दावा है कि फर्जी वितरण पर प्रभावी रोक लगेगी।