कस्बे की नगरपालिका क्षेत्र में अब सड़कें दूधिया रोशनी से जगमगाने लगी हैं। नगर पालिका की ओर से 6 हाईमास्ट लाइटें और 500 रोड लाइटें लगाई गई हैं। इनमें 200 पुरानी लाइटों को बदला गया है, जबकि 300 नई लाइटें स्थापित की गई हैं। इससे रात के समय आवागमन अधिक सुलभ और सुरक्षित हो गया है। नगर पालिका द्वारा कस्बे के प्रमुख मार्गों पर विशेष रूप से लाइटें लगाई गई हैं। इनमें दौसा-लालसर सड़क, नगरपालिका क्षेत्र, भंडान दरवाजा, बावड़ी दरवाजा, मीणा दरवाजा, खेड़ली दरवाजा, होली पाड़ा और भद्रावती पैलेस चौक सहित अन्य मुख्य मार्ग शामिल हैं। नगरपालिका अधिशासी अधिकारी श्वेता असवाल ने बताया कि नगर की सुंदरता और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह कार्य कराया गया है। जिन मार्गों पर स्ट्रीट लाइटें लग चुकी हैं, वहां अब सड़कें चमकती नजर आ रही हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार पहले रात के समय ये सड़कें अंधेरी रहती थीं, जिससे आवागमन में परेशानी होती थी। अब लाइटें लगने से रास्ते पूरी तरह रोशन हो गए हैं, जिससे वाहन चालकों को काफी सुविधा मिल रही है और आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा भी बढ़ी है। सिकराय विधायक विक्रम बंशीवाल ने बताया कि यह व्यवस्था सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए की गई है। पहले पर्याप्त रोशनी नहीं होने से सड़क हादसों का खतरा बना रहता था, लेकिन अब स्ट्रीट लाइटें लगने से वाहन चालकों को दूर तक स्पष्ट दिखाई देगा, जिससे दुर्घटनाओं में कमी आने की उम्मीद है।