सादुलपुर | हमीरवास छोटा में 11 केवी लाइन के तार से पेड़ में आ रहे करंट की चपेट में आने से 25 वर्षीय मजदूर की मौत हो गई। हमीरवास पुलिस के अनुसार बास लालसिंह के गोविंद पुत्र बिशनाराम नायक ने रिपोर्ट दी कि उसका चचेरा भाई अनिल कुमार पुत्र राजेंद्र नायक मजदूरी करता था। अनिल मंगलवार को हमीरवास छोटा में संजय कुमार के घर मजदूरी करने गया था। अनिल शाम को जाल के पेड़ की तरफ लघुशंका करने गया। वहां 11 केवी लाइन के तार के टच होने पर पेड़ में आ रहे करंट की चपेट में आने पर अनिल गिर गया। लोगों ने अनिल को पिलानी के अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। रिपोर्ट में लिखा गया है कि डिस्कॉम की लापरवाही से अनिल की करंट लगने से मौत हो गई।