भास्कर संवाददाता | चूरू जिले में पिछले दो दिन से मानसून का असर कमजोर होने के साथ ही धूप में तेजी के साथ तापमान में भी बढ़ोतरी होने लगी है। रविवार को हल्के बादलों की आवाजाही के बीच सुबह से शाम तक तेज धूप खिली रही तथा मौसम शुष्क बना रहा। हालांकि दिनभर तेज हवा चलती रही, जिसके कारण गर्मी का अहसास कम रहा। रविवार को अधिकतम तापमान 2.1 डिग्री बढ़कर 38.5 व न्यूनतम तापमान 2.3 डिग्री बढ़कर 29.2 डिग्री दर्ज किया गया। इससे पहले शनिवार को अधिकतम तापमान 36.4 व न्यूनतम तापमान 26.9 डिग्री रहा था। जयपुर मौसम केंद्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि जोधपुर, बीकानेर संभाग के अधिकांश भागों में एक सप्ताह मौसम शुष्क रहने की संभावना है। हालांकि एक कमजोर सिस्टम के प्रभाव से 14-15 जुलाई को बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू व आसपास के जिलों में हल्की बारिश की संभावना है। शेखावाटी क्षेत्र, जयपुर व भरतपुर संभाग के कुछ भागों में 13-15 जुलाई को हल्की बारिश की संभावना है। जोधपुर, बीकानेर संभाग के अधिकांश भागों में आगामी तीन दिन तेज धूलभरी हवा चल सकती है।