क्षेत्र में केबल चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। बीती रात चोरों ने ऐतिहासिक जीजी पाल मंदिर परिसर में लगे ट्यूबवैल की करीब 50 फीट बिजली की केबल काटकर चुरा ली। इससे मंदिर में पानी की व्यवस्था प्रभावित हो गई और श्रद्धालुओं व मंदिर प्रबंधन को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। घटना की जानकारी मिलने पर जीजी पाल मंदिर कमेटी के उपाध्यक्ष अशोक भाकराणी ने पुलिस को रिपोर्ट दी। उन्होंने चोरों का पता लगाकर उनके खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। क्षेत्र में लगातार हो रही केबल चोरी की घटनाओं से लोगों में रोष के साथ चिंता भी बढ़ रही है। चोर सार्वजनिक स्थानों के साथ धार्मिक स्थलों पर लगे बिजली कनेक्शनों को भी निशाना बना रहे हैं। स्थानीय लोगों ने पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने, चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।