जिले में मानसून की रफ्तार फिलहाल थमी नजर आ रही है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार टोंक जिले में आगामी एक सप्ताह तक मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने की संभावना है, यानी बारिश नहीं होगी। इस दौरान आसमान आंशिक रूप से बादलों से ढका रह सकता है, लेकिन वर्षा की संभावना नहीं है। बारिश नहीं होने से उमस बढ़ेगी और दिन का अधिकतम तापमान 2 डिग्री सेल्सियस बढ़कर 40 तक पहुंच सकता है। बीते कुछ दिनों पहले जिले का अधिकतम तापमान करीब 37 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ था, लेकिन अब यह 38 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचने लगा है। दोपहर के समय तेज धूप लोगों को परेशान कर रही है, जबकि सुबह और शाम के समय भी वातावरण में नमी अधिक रहने से उमस का असर महसूस किया जा रहा है। मौसम के पूर्वानुमान के अनुसार राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में मानसून कमजोर पड़ा हुआ है और अगले कुछ दिनों तक इसी तरह की स्थिति बनी रह सकती है। ऐसे में किसानों की नजर भी आगामी मौसम प्रणाली पर टिकी हुई है, क्योंकि खरीफ फसलों की बढ़वार के लिए अच्छी बारिश की जरूरत है। यदि शुष्क मौसम का दौर लंबा खिंचता है तो खेतों में नमी घटने के साथ फसलों पर भी असर पड़ सकता है। गत वर्ष मानसून के सक्रिय रहने के कारण तापमान में थी कमी : गत वर्ष मानसून जुलाई में काफी सक्रिय रहा। जुलाई में गत वर्ष अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से नीचे ही रहा। अधिकांश 29-35 के बीच रहा। लेकिन इस बार मानसून की बेरुखी के कारण तापमान में बढ़ोतरी हो रही है। आगामी दिनों भी तापमान तेज रह सकता है।