महेश गौड़ | बाड़मेर चारों तरफ रेत के धोरे। बीच में बसी ढाणियां। पारंपरिक मारवाड़ी वेशभूषा में जुटे 400 से अधिक लोग। सिर पर सफेद पाग और धोती-कुर्ता पहने एक युवक कैमरे के पीछे से निर्देश दे रहा है। यह दृश्य किसी बड़े बजट की बॉलीवुड फिल्म का नहीं, बल्कि बाड़मेर के बावड़ी गांव के रॉकी मारवाड़ी की सुपरहिट यू ट्यूब वेब सीरीज विलेज लाइफ की शूटिंग का है। भारत-पाक बॉर्डर के निकट बसे इन गांवों में, जहां युवा पानी और रोजगार के संघर्ष में जिंदगी बिता देते हैं, वहां रॉकी ने ठेठ देहाती कहानियों को पर्दे पर उतारने का जोखिम उठाया। पढ़ाई में होनहार होने के बावजूद रॉकी ने एक्टिंग के जुनून में बीएससी ड्रॉपआउट कर दिया। डांस वीडियो पर रिस्पॉन्स नहीं मिला। मार्केटिंग कंपनी में पैसे डूब गए। जयपुर में थिएटर कोर्स की फीस नहीं थी। चौहटन में खोला फोटो स्टूडियो भी बंद हो गया। लेकिन रॉकी ने हार नहीं मानी। इस पूरी सीरीज की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें कोई बड़ा एक्टर नहीं है। रॉकी ने बाड़मेर, नागौर और जालोर जिले के 18-20 सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स (जैसे प्रतिभा रामावत, लिछु मारवाड़ी, दिल्लु दादा, पंकज शर्मा) को साथ लिया। ये कॉमेडी वीडियो बनाते थे। विलेज लाइफ वेब सीरिज की शूटिंग करते हुए। रॉकी की वेब सीरीज विलेज लाइफ सीजन 30 साल पुराने पश्चिमी राजस्थान की पृष्ठभूमि पर आधारित है। इसमें एक सादगी भरी प्रेम कहानी है। पंचायती, भाइयों का आपसी प्रेम और ग्रामीण समाज के ताने-बाने को भी बेहद खूबसूरती से छुआ गया है। इस सीरीज के दोनों भाग यू ट्यूब पर रिलीज हो चुके हैं। इन्हें दुनिया भर में रह रहे मारवाड़ियों का जबरदस्त प्यार मिल रहा है। आज रॉकी के फॉलोअर्स मिलियन्स में हैं। लोकल टैलेंट को बनाया स्टार ^मेरे परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं थी। इसलिए मैंने लगातार एक ही फील्ड पर फोकस करके मेहनत की। सपनों को साकार करने के साथ मेहनत की। आज अच्छी स्थिति में हूं। -रॉकी मारवाड़ी, एक्टर व डायरेक्टर, विलेज लाइफ सीजन