दीपावली उमंग, उत्साह का त्योहार है। लेकिन हर साल खुशियों के बीच कुछ ऐसी तस्वीरें भी सामने आती हैं, जो परेशान करने वाली होती हैं। एक छोटी गलती खुशियों को दर्द में बदल देती है... दैनिक भास्कर दीपावली से पहले ऐसी ही फोटो सीरीज चला रहा है। ये तस्वीर आपको डराने या उत्साह को कम करने के लिए नहीं दी जा रही हैं, बल्कि हमारा मकसद आपको सावधान करना है। शर्म के कारण हाथ को जेब में डालकर चलता है पाटन के पास हसामपुर गांव का 13 वर्षीय ध्रुव प्रताप सिंह घर पर बिना बताए पोटाश गन व बारुद ले आया। दुकानदार इसे अवैध तरीके से बेच रहा था। दीपावली के दिन ध्रुव अपने दोस्तों के साथ जमीन चक्र जला रहा था। अचानक उसे बारूद पाउडर उस चक्र की आग पर डालने की सूझी। 200-300 ग्राम बारूद एक बोतल में था। जैसे ही चिंगारी लगी तेज ब्लास्ट हुआ। सीधे हाथ की अंतिम अंगुली को छोड़कर बाकी सभी के परखचे उड़ गए। कोटपुतली से उसे एसएमएस रेफर किया गया। जहां उसका ऑपरेशन हुआ। जब पहली बार ध्रुव ने अपना हाथ देखा तो वह सदमे में आ गया। काफी रोया, बोलना कम कर दिया। 3,4 महीने तक स्कूल नहीं गया। आज भी सीधा हाथ जेब में हाथ डालकर चलता है ताकि शर्मिन्दगी महसूस न हो। डॉक्टर की सलाह जले हुए अंग को तुरंत 15-20 मिनट तक बहते साफ ठंडे पानी के नीचे रखें। गीली पट्टी से ढककर अस्पताल लाएं। घरेलू उपचार न लें, फफोले न फोड़ें। -डॉ. जगदीश मोदी, उप अधीक्षक, ट्रॉमा एवं एसएमएस अस्पताल, जयपुर